App

जहीर खान कैसे बने चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच? हेमांग बदानी-माइकल हसी तक छूटे पीछे, धोनी के 'मास्टरस्ट्रोक' की इनसाइड स्टोरी

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है. स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद महेंद्र सिंह धोनी की सलाह पर लिया गया यह बड़ा फैसला. जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी.

जहीर खान कैसे बने चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच? हेमांग बदानी-माइकल हसी तक छूटे पीछे, धोनी के 'मास्टरस्ट्रोक' की इनसाइड स्टोरी
Image Credit: जहीर खान चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच बने.

पांच बार की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने आगामी सीजन के लिए भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को नया हेड कोच बनाया है. यह बड़ा बदलाव न्यूजीलैंड के महान कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग के 18 साल लंबे और सफल कार्यकाल के समाप्त होने के बाद आया है. लगातार तीन सीजन तक टीम के प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद फ्लेमिंग ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया. कोचिंग की दौड़ में हेमंत बदानी और माइकल हसी जैसे बड़े नामों की काफी चर्चा थी, लेकिन आखिरकार जहीर खान सभी को पीछे छोड़ते हुए सबसे आगे निकल गए. इस नियुक्ति के पीछे फ्रेंचाइजी की एक रणनीतिक चाल है, जिसे भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के साथ मिलकर तैयार किया गया है.

स्टीफन फ्लेमिंग के इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम का हेड कोच बनने के बाद सीएसके प्रबंधन ने कई उम्मीदवारों के साथ लंबी बातचीत की. हालांकि, कई आंतरिक पहलू जहीर खान के पक्ष में रहे. भारतीय घरेलू परिस्थितियों, स्थानीय खिलाड़ियों की गहरी समझ और भारत के स्वर्णिम दौर में एमएस धोनी के पूर्व साथी रहने के उनके अनुभव को देखते हुए प्रबंधन ने आईपीएल का व्यापक अनुभव रखने वाले एक भारतीय हेड कोच को तरजीह दी. बदानी यहां पीछे छूट गए. उनका नाम भी काफी आगे था और कई बड़े मीडिया रिपोर्टों में उन्हें कोच मान लिया गया था. हालांकि, धोनी और फ्रेंचाइजी के मन में कुछ और था.

 

 

 

फैसले में धोनी की क्या भूमिका थी?

सीएसके के प्रबंध निदेशक (MD) के.एस. विश्वनाथन ने फैसला लेने की प्रक्रिया पर रोशनी डालते हुए एमएस धोनी की सक्रिय भूमिका की पुष्टि की. विश्वनाथन ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, ''दरअसल, यह फैसला क्रिकेट प्रबंधन ने लिया था. वे जहीर खान के विशाल अनुभव को देखते हुए उन्हें हेड कोच बनाना चाहते थे. उन्होंने आईपीएल में 100 से अधिक मैच खेले हैं और एक ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं. निश्चित रूप से जब यह फैसला लिया गया, तो एमएस धोनी भी इसमें शामिल थे. हम उनकी सलाह के बिना कुछ भी नहीं करते हैं.''

CSK मालकिन ने क्या कहा?

सीएसके (CSK) की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने जहीर खान की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा, ''हम चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के रूप में जहीर खान के नाम की पुष्टि करते हुए बेहद रोमांचित हैं. जहीर का शानदार क्रिकेट करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता हमारी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण बढ़त है. हमें पूरा भरोसा है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की नींव को और मजबूत करेगा.''

 

 

क्या जहीर को मिली है पूरी छूट?

प्रबंध निदेशक के.एस. विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि जहीर खान को अपना सपोर्ट स्टाफ (सहायक कोच व तकनीकी टीम) चुनने की पूर्ण स्वायत्तता होगी. विश्वनाथन ने स्पष्ट कहा, ''सपोर्ट स्टाफ से जुड़ा फैसला अकेले वही लेंगे.'' वर्तमान में सीएसके के सपोर्ट सेटअप में माइकल हसी, श्रीधरन श्रीराम, राजीव कुमार, एरिक सिमंस और जेम्स फोस्टर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं.

जहीर की पहली सबसे बड़ी चुनौती क्या होगी?

शुरुआती घोषणाओं में किसी लंबे समय के अनुबंध का जिक्र नहीं है. यह शुरुआती एक साल के कार्यकाल की ओर इशारा करता है. ऐसे में जहीर का तात्कालिक लक्ष्य बिल्कुल साफ है. उनकी पहली बड़ी जिम्मेदारी दिसंबर में होने वाले मिनी-ऑक्शन से पहले एक मजबूत रिटेंशन रणनीति तैयार करना होगी. लगातार तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद अब सभी की निगाहें जहीर खान और एमएस धोनी की जोड़ी पर होंगी, जो सीएसके को एक बार फिर से खिताबी दौड़ में वापस लाने की कोशिश करेंगे.

कैसा रहा जहीर का क्रिकेट करियर?

47 वर्षीय जहीर खान अपनी अपार क्रिकेट बुद्धि और कोचिंग क्षमता के साथ 'येलो ब्रिगेड' में शामिल हो रहे हैं. 14 साल के अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में जहीर ने 92 टेस्ट मैचों में 311 विकेट, 200 वनडे मैचों में 282 विकेट और 17 टी20 मैचों में 17 विकेट हासिल किए हैं. आईपीएल में उन्होंने तीन फ्रेंचाइजियों (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 100 मैच खेले और 102 विकेट चटकाए. वह दिल्ली के कप्तान भी रहे हैं.

कोचिंग में जहीर का क्या अनुभव है?

चेन्नई की एमआरएफ पेस फाउंडेशन से एक ट्रेनी के रूप में अपनी यात्रा शुरू करने वाले जहीर खान अब पेशेवर फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पहली बार हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे. इससे पहले वे मुंबई इंडियंस में क्रिकेट ऑपरेशंस के निदेशक और हेड ऑफ ग्लोबल डेवलपमेंट (2018–2022) रहे. इसके अलावा आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर रह चुके हैं. इस साल की शुरुआत में उन्होंने बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में इंडिया 'ए', अंडर-19 और चुनिंदा युवा तेज गेंदबाजों के लिए एक विशेष कैंप भी चलाया था. इसके अलावा जहीर एंटवर्प एंकर्स (यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग), जाफना किंग्स (लंका प्रीमियर लीग) और वैंकूवर एंकर्स (सुपर60 लीग) जैसी अंतरराष्ट्रीय टी20 टीमों में सह-मालिक भी हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो