कीवियों की धरती पर उड़े यशस्वी जायसवाल, क्राइस्टचर्च टेस्ट में एक हाथ से पकड़ा हैरतअंगेज कैच, VIDEO वायरल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच लेकर महफिल लूट ली. सुंदर की गेंद पर उन्होंने हवा में उछलते हुए डेवोन कॉनवे का अतिसुंदर कैच लपका.
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच लेकर महफिल लूट ली. स्पिनर वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर उन्होंने डेवोन कॉनवे का अतिसुंदर कैच लपका. एक समय के लिए लगा कि गेंद उनके पहुंच से दूर है, लेकिन कीवियों की धरती पर यशस्वी हवा में उड़े और एक हाथ से गेंद लपका. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 46 ओवर में 3 विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं.
क्राइस्टचर्च में चल रहे टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने बल्ले से निराशा किया और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. हालांकि, इसकी भरपाई उन्होंने शानदार फील्डिंग के जरिए पूरी करने की कोशिश की. उन्होंने क्रीज पर खूंटा गाड़ कर खड़े कॉनवे का कैच लेकर अपनी टीम को अहम विकेट दिलाने में मदद की.
कीवियों की धरती पर उड़े यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल ने इस टेस्ट में अपनी फील्डिंग से सबको प्रभावित किया है. न्यूजीलैंड की पहली पारी में उन्होंने काइल जैमिसन का दमदार कैच लपका था और अब दूसरी इनिंग में हवा में उड़ते हुए डेवोन कॉनवे का हैरतअंगेज कैच पकड़ा. वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर जोर से शॉट खेलने के चक्कर में कॉनवे फंस गए. गेंद बल्ले के बाहरी किनारे पर लगकर बैकफुट पॉइंट की दिशा में गई.
कैच पकड़ने और जमीन पर गिरने के दौरान यशस्वी जायसवाल के बाएं हाथ से उनकी सफेद घड़ी निकल गई. हालांकि, उन्होंने गेंद को दबोचा और फिर गर्मजोशी से जश्न मनाया. भारतीय खिलाड़ियों को उनके इस प्रयास पर यकीन नहीं हुआ. कप्तान शुभमन गिल दौड़कर आए और उन्हें गले से लगाया.
बल्ले से भी छाप छोड़ना चाहेंगे यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच लेकर महफिल तो लूट ली है, लेकिन अब उनका फोकस बैटिंग पर रहेगा. पहली इनिंग में वो कीवी पेसर मैट हेनरी की गेंद पर बोल्ड हो गए थे. वो शून्य पर पवेलियन लौटे. दूसरी पारी में वो इसकी भरपाई करना चाहेंगे. इससे पहले वेलिंगटन टेस्ट की पहली इनिंग में उन्होंने 89 गेंदों पर 85 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी.
किस मोड़ पर है क्राइस्टचर्च टेस्ट?
क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 356 रनों का स्कोर खड़ा किया. विकेट कीपर बल्लेबाज टॉम टॉम ब्लंडेल ने 89 रनों की अच्छी पारी खेली. भारत की तरफ से तेज गेंदबाज आकाश दीप ने प्रभावित करते हुए 5 विकेट झटके.
इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. भारत ने 117 रनों पर 7 विकेट खो दिए थे. ध्रुव जुरेल ने इस स्थिति से टीम को संभाला और 88 रनों की बेहद कीमती पारी खेली. आकाश दीप ने बल्ले से भी दम दिखाया और 29 रन बनाए. तीसरे दिन टीम इंडिया पहली इनिंग में 246 रन पर ऑलआउट हो गई. न्यूजीलैंड को 110 रनों की बढ़त मिली. तीसरे दिन के स्टंप्स तक कीवी टीम ने दूसरी पारी में 3 विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं और कुल बढ़त 243 रन की हो गई है.
ये भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह ने पहली बार किया एक विकेट के लिए इतना लंबा इंतजार, चोट से वापसी के बाद कम हुई धार?