App

वेलिंगटन की तेज हवाओं में फंस जाएगी टीम इंडिया? न्यूजीलैंड के पास वापसी का सुनहरा मौका, जानिए वजह

भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच वेलिंगटन में खेला जाएगा. इस मैच में हवा भारतीय टीम की परीक्षा ले सकती है. वेलिंगटन को Windy Wellington कहा जाता है. यहां हवा की रफ्तार और दिशा खिलाड़ियों की रणनीति से लेकर मैदान पर उनके प्रदर्शन तक को प्रभावित कर सकती है.

वेलिंगटन की तेज हवाओं में फंस जाएगी टीम इंडिया? न्यूजीलैंड के पास वापसी का सुनहरा मौका, जानिए वजह
Image Credit: वेलिंगटन की तेज हवाओं में फंस जाएगी टीम इंडिया? (AI Graphic/BCCI)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज (मंगलवार, 27 अक्टूबर) तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा. 5 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है. श्रेयस अय्यर एंड कंपनी की नजर सीरीज फतह करने पर होगी, लेकिन वेलिंगटन की तेज हवाएं उनका खेल बिगाड़ सकती है. शृंखला में 0-2 से पीछे चल रही कीवी टीम के पास वापसी करने का इससे सुनहरा मौका नहीं होगा.

क्रिकेट के मैदान पर अक्सर खिलाड़ियों का फॉर्म और पिच का मिजाज मैच का नतीजा तय करने का अहम फैक्टर माना जाता है. हालांकि, न्यूजीलैंड के वेलिंगटन की कहानी कुछ और है. यहां पिच के साथ-साथ हवाएं भी मुकाबले का रुख बदल सकती है. वेलिंगटन को Windy Wellington कहा जाता है. यहां हवा की रफ्तार और दिशा खिलाड़ियों की रणनीति से लेकर मैदान पर उनके प्रदर्शन तक को प्रभावित कर सकती है.

वेलिंगटन में खेलना नहीं आसान

मौसम रिपोर्ट के अनुसार, वेलिंगटन में फिलहाल तेज हवाएं चल रही है. बीसीसीआई ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें देख सकते हैं कि कैसे ये हवाएं टीम इंडिया की प्रैक्टिस पर प्रभाव डाल रही है. मैच के दिन भी वेलिंगटन में तेज हवाएं चलती रहेंगी और मौसम के इसी मिजाज के बीच टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा. प्रैक्टिस के बीच कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इससे पहले कभी भी बादलों को इतनी तेजी से मूवमेंट होते नहीं देखा. अक्षर पटेल भी तेज हवाओं से परेशान दिखे, लेकिन कहा कि मजा भी आ रहा है.

तेज हवाओं में फंस जाएगी टीम इंडिया?

सबसे पहले तो ये बता दें कि ये हवाएं दोनों टीमों पर असर डालेगी. ऐसा नहीं है कि इसका सामना सिर्फ टीम इंडिया करेगी. हां, फर्क इतना है कि न्यूजीलैंड के खिलाड़ी इस मौसम से अनजान नहीं हैं और उनके लिए ये नया नहीं है. वेलिंगटन की तेज हवाओं के बीच खेलकर वो बड़े हुए हैं. इसकी तुलना में टीम इंडिया के सामने कठिन चुनौती है. भारतीय टीम में कई ऐसे प्लेयर्स हैं, जो पहली बार वेलिंगटन में खेलेंगे और उनके लिए ये बिल्कुल अलग अनुभव होने वाला है.

क्रिकेट पर क्या असर पड़ता है?

तेज हवाओं का प्रभाव बल्लेबाजी, बॉलिंग और फील्डिंग यानी क्रिकेट के तीनों विभाग पर पड़ता है. टी20 में बल्लेबाजों का फोकस हवाई शॉट खेलने पर होता है. अगर हवा बल्लेबाज की दिशा में चल रही हो तो सिक्स जड़ना आसान है, लेकिन विपरीत दिशा में बह रही हो तो ज्यादा दूरी तय करना मुश्किल काम है. गेंदबाजों के लिए भी यही चुनौती होगी. उन्हें हवाओं के विपरीत दिशा में गेंद डालने में ज्यादा जोर लगाना होगा. तेज हवाओं के बीच फील्डिंग सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकती है.

क्या न्यूजीलैंड को मिलेगा फायदा?

वेलिंगटन की परिस्थितियों से न्यूजीलैंड के खिलाड़ी परिचित हैं. वे अपने घरेलू मैदानों पर हवा, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों में खेलने के अधिक अभ्यस्त हो सकते हैं. इससे उन्हें परिस्थितियों को जल्दी समझने में मदद मिल सकती है.

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने भी वेलिंगटन की हवा को चुनौतीपूर्ण बताया है. उनके मुताबिक, स्टेडियम में हवा घूम सकती है, इसलिए यह मानकर चलना सही नहीं होगा कि किसी एक छोर से हमेशा एक जैसी हवा आएगी. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों को परिस्थितियों के बदलने पर अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा.

वेलिंगटन में भारत और न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड

वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में भारत ने अभी तक 3 टी20 मुकाबले खेले हैं. दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच में जीत मिली है, हालांकि वो जीत 2020 में सुपर ओवर में मिली थी. बात करें न्यूजीलैंड की तो उसने इस मैदान पर 18 टी20 मुकाबले खेले हैं. मामला 50-50 रहा है. 9 मैचों में उन्हें जीत मिली है, जबकि 9 में हार का सामना करना पड़ा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More