रांची में बने 501 रन... इंदौर में भी त्राहिमाम-त्राहिमाम करेंगे गेंदबाज! अब तक हुए 4 मैचों में कैसा रहा है हिसाब?
India vs West Indies 3rd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर T20I में उच्चतम स्कोर 260 है, जो भारत ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था.
India vs West Indies 3rd T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच रविवार (11 अक्टूबर) को इंदौर में खेला जाएगा. रांची में खेले गए दूसरे मुकाबले में रनों की सुनामी देखने को मिली थी. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रनों का पहाड़ खड़ा किया था. इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.4 ओवरों में लक्ष्य का पीछा कर इतिहास रच दिया. T20I के इतिहास की ये दूसरी सबसे बड़ी सफल रन चेज थी. वेस्टइंडीज ने पहली बार इतने बड़े स्कोर का पीछा किया. शानदार फॉर्म में चल रहे शाई होप ने 45 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई.
पांच मैचों की टी20 सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. अब तक हुए दोनों मैचों में गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई है और बल्लेबाजों का बोलबाला रहा है. दोनों मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजेता रही है. रांची में दोनों टीमों को मिलाकर कुल 501 रन बने. 33 छक्के लगे और 46 चौके लगे. वेस्टइंडीज के ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज को छोड़ दें तो बाकी सभी गेंदबाज रहम की भीख मांगते दिखे.
इंदौर में भी गेंदबाज करेंगे त्राहिमाम-त्राहिमाम?
अगला मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा. यहां की पिच भी बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होती है और 'बेचारे' गेंदबाज पर आफत आती है. फैंस इस पिच की तुलना 'रोड' से भी करते हैं, क्योंकि गेंद टप्पा खाने के बाद कोई हरकत नहीं करती और सीधे बैट पर आकर लगती है. तो एक और हाई स्कोरिंग मुकाबले के लिए तैयार हो जाइए. पिछले मैच में 500 रनों का आंकड़ा क्रॉस हुआ था. तीसरे टी20 में भी ऐसा कुछ हो जाए, तो हैरान मत होइएगा.
इंदौर में अब तक हुए मैचों का पूरा हिसाब
भारत बनाम श्रीलंका, 2017: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 2017 में खेला गया था. श्रीलंका के खिलाफ हुए उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 260 रन बनाए थे.रोहित शर्मा ने 43 गेंदों पर 118 रनों की तूफानी पारी खेली थी. केएल राहुल ने भी 49 गेंदों पर 89 रन बनाए थे. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 172 रनों पर ऑलआउट हो गई थी.
भारत बनाम श्रीलंका, 2020: इस मैदान पर दूसरी बार भी भारत का सामना श्रीलंका से हुआ. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 142 रनों का स्कोर खड़ा किया. टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर 15 बॉल शेष रहते हुए आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया था. केएल राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और तत्कालीन कप्तान विराट कोहली ने 30+ रन बनाए थे.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका, 2022: इस मैदान पर तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था. होल्कर स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटियाज ने 227 रन बनाए. राइली रूसो ने शानदार शतक ठोका था. इसके जवाब में टीम इंडिया 178 रनों पर ढेर हो गई और इस मैदान पर पहली बार हार का स्वाद चखा.
भारत बनाम अफगानिस्तान, 2024: होल्कर स्टेडियम में भारत ने चौथा T20I अफगानिस्तान के खिलाफ खेला. अफगान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन बनाए. अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट चटकाए थे. भारत ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंदों पर 68 रन और शिवम दुबे ने 32 गेंद पर 63 रन बनाए.
यह भी पढ़ें: विकेट कीपर बन किस्मत बदलना चाहते हैं यशस्वी जायसवाल: ODI टीम में एंट्री के लिए चली नई चाल, सफल होगा प्लान?