रोहित शर्मा का कप्तान बनना कन्फर्म! मुंबई इंडियंस 5 बजकर 45 मिनट पर ही क्यों करेगी ऐलान, 'हिटमैन' से कनेक्शन
मुंबई इंडियंस 27 नवंबर, 2027 को आगामी सीजन के लिए अपने नए कप्तान की घोषणा करेगी. ये ऐलान शाम 5 बजकर 45 मिनट पर होगा, जिसका कनेक्शन रोहित शर्मा से है.
इंतजार की घड़ी समाप्त होने वाली है. मुंबई इंडियंस शुक्रवार, 27 नवंबर को आईपीएल के अगले सीजन के लिए कप्तान का ऐलान करेगी. MI ने गुरुवार को एक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी है. मुंबई इंडियंस के तमाम फैंस दिल थाम कर बैठे हैं. सस्पेंस तो है, लेकिन इस बात की पूरी उम्मीद है कि टीम की कमान रोहित शर्मा संभालेंगे. फैंस ने तो इसके पीछे का मजेदार कनेक्शन भी निकाल लिया है.
दरअसल, मुंबई इंडियंस ने गुरुवार (26 नवंबर) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें 27.11.2027 की तारीख लिखी थी. कैप्शन में लिखा था, 24 घंटे बाकी हैं. फिर क्या था... फैंस कनेक्शन ढूंढने में जुट गए और थोड़ी देर बाद ही सोशल मीडिया पर मजेदार कनेक्शन सामने भी आ गया.
5:45 से रोहित का क्या कनेक्शन?
मुंबई इंडियंस ने ये पोस्ट शाम 5 बजकर 45 मिनट पर किया. इसका मतलब है कि 27 नवंबर को शाम 5 बजकर 45 मिनट पर ही मुंबई इंडियंस के कप्तान की घोषणा होगी. 5:45 का रोहित शर्मा से स्पेशल कनेक्शन है. हिटमैन की कप्तानी में MI ने 5 बार आईपीएल खिताब जीता है, जबकि '45' हिटमैन का जर्सी नंबर है . इससे फैंस ये अंदाजा लगाने लगे कि आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा ही मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे.
हार्दिक पांड्या की हुई मुंबई इंडियंस से विदाई
मुंबई इंडियंस को नए कप्तान की तलाश इसलिए है, क्योंकि पिछले 3 सीजन के उनके कप्तान हार्दिक पांड्या की अब टीम से विदाई हो चुकी है. हार्दिक अब पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं. उनकी जगह MI ने अर्शदीप सिंह को शामिल किया है. 2024 सीजन से पहले रोहित से कप्तानी छीनकर हार्दिक को सौंपी गई थी, लेकिन फ्रेंचाइजी का ये फैसला सही साबित नहीं हुआ. पिछले तीन सालों से MI का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. टीम में सीनियर खिलाड़ियों के बीच मनमुटाव के खबरें भी सामने आई थी.
बतौर कप्तान कैसा है रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?
रोहित शर्मा ने 2013 में मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी. उनके अंदर ये टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनी. बतौर कप्तान हिटमैन का रिकॉर्ड शानदार रहा है. वो एमएस धोनी के साथ आईपीएल में सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाले कैप्टन हैं. रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए 158 मैचों में कप्तानी की है. 87 में जीत हासिल हुई है, जबकि 67 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. 4 मैचों के नतीजे नहीं निकले. उनका जीत प्रतिशत 55.06 है.
ये भी पढ़ें: भयंकर गुस्से में दिखे रिंकू सिंह, खराब फॉर्म के बीच अंपायर ने भी तोड़ा दिल तो हुए आगबबूला, VIDEO वायरल