)
बिहार से दिल्ली दूर नहीं होगी. दोनों शहरों के बीच सफर आसार होने वाला है. पटना से दिल्ली तक अंतरराज्यीय रूटों पर नियमित बस सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इसके लिए बिहार सरकार और दिल्ली सरकार के बीच कल 27 नवंबर को एमओयू साइन होगा. इससे लाखों लोगों को फायदा होगा.
पटना से दिल्ली तक 18 अंतरराज्यीय रूटों पर नियमित बस सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इस समझौते के बाद दिल्ली से बिहार और बिहार से दिल्ली के बीच सालभर नियमित रूप से बसों का संचालन हो सकेगा. कई बार त्यौहारों पर दिल्ली से बिहार जाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है. दिवाली, छठ की भीड़ को देखते यह समझौता किया जा रहा है. त्योहारों पर बसों में होने वाली भारी भीड़ की समस्या से काफी सहूलियत मिलेगी.
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह का भी बयान सामने आया है. पंकज सिंह ने कहा कि खुशी की बात है व्यक्तिगत क्योंकि मैं खुद भी बिहार का हूं और पूर्वांचल के लोगों को जो समस्या है, उसको दूर करने के लिए बिहार और दिल्ली सरकार ने तय किया है कि आपस में एमओयू साइन किया जाएगा. दिल्ली से बिहार के बीच बस चलेगी. पूर्वांचल के लोगों को उसका लाभ मिलेगा.
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि समझौते के तहत दिल्ली को बिहार के विभिन्न जिलों व प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए 18 रूट निर्धारित किए गए हैं. इनमें अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना व पूर्णिया समेत अन्य गंतव्य शामिल हैं. प्रत्येक रूट पर दिल्ली और बिहार दोनों राज्यों को 12-12 परमिट दिए जाएंगे.
बिहार में बस सेवाओं का विस्तार करने के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम ने 75 नॉन एसी और 74 एसी बसों की खरीद की है. इसके साथ ही पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त बसें भी सड़कों पर उतारी जाएंगी. इन बसों के संचालन से दिल्ली और बिहार के बीच यात्रियों को अधिक बसों का विकल्प मिलेगा और अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को विस्तार मिलेगा.