)
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल मैच में रिंकू सिंह सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इस टूर्नामेंट में वो बल्ले से बिल्कुल छाप नहीं छोड़ सके. श्रीलंकाई स्पिनर रविंदु फर्नांडो ने उन्हें LBW आउट किया. रिंकू सिंह अंपायर के फैसले से बिल्कुल खुश नहीं दिखे. उनकी नाराजगी जायज भी थी, क्योंकि गेंद पैड पर लगने से पहले उनके बैट से टकराई थी. वो अंपायर को अपना बल्ला दिखा भी रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आउट करार दिया गया.
एक तो रिंकू सिंह खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और दूसरी तरफ उन्हें अंपायर का भी साथ नहीं मिल रहा. वैसे तो KKR के स्टार खिलाड़ी बेहद शांत मिजाज के हैं, लेकिन श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में वो आउट होने के बाद अंपायर पर आगबबूला हो गए. उन्होंने फैसले पर निराशा जाहिर की और ड्रेसिंग रूम लौटने से पहले अंपायर से कुछ कहा भी.
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में रिंकू सिंह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके. एक तरफ वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों ने महफिल लूटी, लेकिन अनुभवी रिंकू फेल हुए. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 4 पारियों में सिर्फ 52 रन बनाए. श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन अंपायर ने उनका दिल तोड़ दिया और वो गलत फैसले का शिकार हुए.
Rinku Singh is so much angry 😡 with umpire He is saying bat laga hai https://t.co/dBdCGWmjWf
— BackToLobby (@_backtolobby) November 26, 2026
दोहा में खेले गए सेमीफाइनल मैच में इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 40 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. उनके आउट होने के बाद रन गति में गिरावट आई. अभिषेक शर्मा ने 63 गेंद पर 78 रन बनाए. कप्तान तिलक वर्मा ने भी अर्धशतक जड़ा. हालांकि, मिडिल ओवरों में भारत ने एक के बाद एक विकेट खो दिए. आखिरी ओवरों में ऑलराउंडर शहबाज अहमद ने टीम को संभाला और 54 रनों की कीमती पारी खेली. इंडिया ए ने श्रीलंका ए के सामने 318 रनों का लक्ष्य रखा.