)
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य बना रहेगा. आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने की संभावना नहीं है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. नरेश के मुताबिक, हवाओं का रुख बदल रहा है और हिमालय की तरफ से भी हवाएं आ रही हैं. इसके चलते दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में ठंड का असर बढ़ सकता है.
दिल्ली-NCR में सामान्य के आसपास रहेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक डॉ. नरेश के अनुसार, दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में तापमान सामान्य या उससे थोड़ा कम बना हुआ है. आने वाले पूरे सप्ताह तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. पारा 10 से 12 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. यानी फिलहाल मौसम में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा. सैटेलाइट तस्वीरों में भी उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बादल नहीं दिखाई दे रहे हैं. यह क्षेत्र क्लाउड फ्री नजर आ रहा है.
राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति
राजस्थान के कुछ इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रह सकता है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बनेगी. इन इलाकों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान है. ऐसे में इन क्षेत्रों में लोगों को सुबह और रात के समय ठंड का ज्यादा अहसास हो सकता है.
पंजाब, हरियाणा और यूपी में कोहरे का येलो अलर्ट
कोहरे को लेकर फिलहाल बड़े स्तर पर कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन सुबह के शुरुआती घंटों में कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है. पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए अगले 2 से 3 दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि, पूरे सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने का अनुमान है.
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश
जहां उत्तर भारत में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की गतिविधियां जारी हैं. मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, इन दोनों राज्यों में हैवी रेनफॉल एक्टिविटी देखने को मिल रही है. इस तरह आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड और सुबह के कोहरे का असर रहेगा, जबकि तमिलनाडु और केरल में बारिश का दौर जारी रहेगा.