App

अब बच्चे भी आसानी से समझेंगे संविधान! पटना में लॉन्च हुआ 'भारत का संविधान-बाल संस्करण'

संविधान दिवस पर पटना में 'भारत का संविधान-बाल संस्करण' का लोकार्पण किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए संविधान के अधिकार, कर्तव्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सरल भाषा में समझाया गया है.

अब बच्चे भी आसानी से समझेंगे संविधान! पटना में लॉन्च हुआ 'भारत का संविधान-बाल संस्करण'
Image Credit: अब बच्चे भी आसानी से समझेंगे संविधान! पटना में लॉन्च हुआ 'भारत का संविधान-बाल संस्करण'

संविधान दिवस के पावन अवसर पर देश में पहली बार तैयार किए गए 'भारत का संविधान-बाल संस्करण' का पटना में लोकार्पण किया गया. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस ऐतिहासिक पुस्तक का विमोचन किया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्रों और आम नागरिकों को सरल भाषा में देश के सर्वोच्च कानून से जोड़ना है.

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, जब संविधान दिवस के अवसर पर 'भारत का संविधान-बाल संस्करण' का लोकार्पण हो रहा है. उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को भारतीय संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना नितांत आवश्यक है. लोकतंत्र की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि हमारे नागरिक संविधान को केवल कानून की एक किताब के रूप में न देखें, बल्कि उसे अपने जीवन और व्यवहार का मार्गदर्शक मानें. मंत्री ने कहा कि छात्र जीवन से ही बच्चों में संविधान की समझ विकसित करने के उद्देश्य से इस दिशा में एक सार्थक और अलग कार्य करने की आवश्यकता महसूस हुई, जिसका परिणाम आज सबके सामने है.

बाल संस्करण के संपादक एवं पटना हाईकोर्ट के उप निबंधक राजेश कुमार दूबे ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान की यह बाल-मैत्रीपूर्ण प्रस्तुति आने वाली पीढ़ियों को संविधान से गहराई से जोड़ने में मदद करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संस्करण में संविधान को किसी दूरस्थ या जटिल कानूनी दस्तावेज के रूप में नहीं, बल्कि भारत में नागरिक जीवन के लिए एक सरल और व्यावहारिक मार्गदर्शक ढांचे के रूप में प्रस्तुत किया गया है.

वहीं इसके सह-संपादक द्वय मुरली मनोहर श्रीवास्तव और संकेत साह ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 184 पृष्ठों के इस विशेष संस्करण को कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों की समझ के अनुरूप बेहद आसान तरीके से तैयार किया गया है. हालांकि, यह पुस्तक हर आयु वर्ग के लोगों को अपने अधिकारों और जनसामान्य से जुड़े संवैधानिक नियमों को समझने में मदद करेगी. उन्होंने बताया कि फिलहाल इसका लोकार्पण हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में किया गया है, जबकि देश के हर प्रांत के लोग इसे अपनी मातृभाषा में पढ़ सकें, इसके लिए अन्य भारतीय भाषाओं में भी इसे शीघ्र प्रकाशित करने की तैयारी चल रही है. सह-संपादकों ने कहा कि इस किताब को तैयार करने का सबसे बड़ा उद्देश्य संविधान की मूल भावना और उसकी असली संरचना से कोई छेड़छाड़ किए बिना, इसे बच्चों की भाषा में ढालना है. इसमें संविधान के भाग, अध्याय, अनुच्छेद, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नागरिकता, संसद, न्यायपालिका और हमारी लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली को अत्यंत सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत किया गया है. बच्चों और पाठकों की सुविधा के लिए पुस्तक के आखिरी हिस्से में प्रमुख शब्दावली (परिभाषा सहित) और एक विशेष शब्द संग्रह भी तैयार कर जोड़ा गया है, जिससे कठिन संवैधानिक और कानूनी शब्दों का अर्थ आसानी से समझा जा सके.

इस मौके पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक सेवा से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद आर. के. झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. 
ये भी पढ़ें: अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा शहर! बिहार के इस गांव में घर के पास मिल रहा मुफ्त उपचार, जानें क्या-क्या है उपलब्ध?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More