App

भारत-अफगानिस्तान दूसरा T20I: बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती, किसकी होगी एंट्री? प्लेइंग XI में हो सकते हैं 2 बदलाव

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वरुण चक्रवर्ती की जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है. बिश्नोई ने आखिरी इंटरनेशनल मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था. हालांकि, इंग्लैंड में उन्होंने शर्मनाक प्रदर्शन किया था.

भारत-अफगानिस्तान दूसरा T20I: बाहर हुए वरुण चक्रवर्ती, किसकी होगी एंट्री? प्लेइंग XI में हो सकते हैं 2 बदलाव
Image Credit: BCCI/X

IND vs AFG 2nd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मैच मंगलवार (15 सितंबर) को खेला जाएगा. रविवार को खेले गए पहले मैच में टीम इंडिया ने 7 विकेट से बाजी मारी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. वैसे तो कप्तान श्रेयस अय्यर विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहते होंगे, लेकिन दूसरे मैच में उन्हें एक बदलाव तो निश्चित तौर पर करना होगा. स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती एक बार फिर बीच सीरीज में चोटिल होकर बाहर हो गए हैं. वो बाकी बचे दो मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे. बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान अभी तक नहीं किया है.

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वरुण चक्रवर्ती की जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है. बिश्नोई ने आखिरी इंटरनेशनल मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था. उस सीरीज में भी उन्हें चक्रवर्ती की जगह टीम में शामिल किया गया था.

बिश्नोई या सुंदर, किसकी होगी एंट्री?

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में रवि बिश्नोई का खेलना लगभग तय है. टीम में वाशिंगटन सुंदर के रूप में एक और स्पिन विकल्प मौजूद है, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर स्पेशलिस्ट स्पिनर के साथ उतरना चाहेंगे. प्लेइंग इलेवन में शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल के रूप में पहले से तीन ऑलराउंडर मौजूद हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट एक और ऑलराउंडर को उतारने के बजाय स्पेशलिस्ट स्पिनर के साथ जाना चाहेगी.

T20I में रवि बिश्नोई के आंकड़े

रवि बिश्नोई ने आखिरी T20I सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी, जहां उन्होंने 3 मैचों में 12 ओवर डाले और 22.67 की औसत से 3 विकेट चटकाए. उससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में रवि बिश्नोई की जमकर धुनाई हुई थी. ओल्ड ट्रैफर्ड में वो टीम इंडिया के लिए विलेन साबित हुए थे. उन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 60 रन लुटा दिए थे. 17वें ओवर में इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जेकब बेथल ने उन्हें आड़े हाथों लिया और इस ओवर में तीन छक्के उड़ाते हुए 29 रन बना दिए. रवि बिश्नोई ने इस मैच में 3 नो बॉल भी डाले थे.

26 वर्षीय लेग स्पिनर ने अभी तक भारत के लिए 49 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. 7.45 की इकॉनमी रेट से उन्होंने 67 विकेट चटकाए हैं. रवि बिश्नोई भारत के लिए अभी तक सिर्फ एक ODI खेल सके हैं, जबकि टेस्ट में डेब्यू का इंतजार जारी है.

क्या फिर बाहर बैठेंगे वैभव सूर्यवंशी?

दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया मजबूरी में एक बदलाव करेगी, लेकिन बड़ा सवाल ये है कि क्या 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को फिर बेंच पर बैठना पड़ेगा? पहले मुकाबले में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ओपनिंग की थी. संजू 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अभिषेक ने तहलका मचाते हुए 32 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली थी. अगर वैभव सूर्यवंशी को मौका देना है तो टीम मैनेजमेंट को सैमसन या अभिषेक में से किसी एक को बाहर करना होगा. इसकी संभावना कम है, क्योंकि अभिषेक शानदार लय में हैं, वहीं पहले मैच में फेल हुए सैमसन को एक और मौका जरूर मिलेगा. हां, तीसरे मुकाबले में अभिषेक या सैमसन में से किसी एक को आराम देकर वैभव को खिलाया जा सकता है.

भारत की संभावित प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.

अफगानिस्तान ने नहीं चखा है जीत का स्वाद

वैसे तो अफगानिस्तान की टीम पिछले 4-5 सालों में तेजी से प्रोग्रेस करने में सफल हुई है और बड़े मंच पर भी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसी टीमों को पटका है, लेकिन भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शर्मनाक है. दोनों देशों के बीच अब तक 18 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं. 17 में टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि एक मैच टाई रहा है. यानी अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ अभी तक जीत का स्वाद नहीं चखा है.

 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More