)
Women's Asia Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच में 55 रनों पर ऑलआउट होकर शर्मसार होने वाली पाकिस्तान महिला टीम ने सोमवार (7 सितंबर) को हांगकांग के खिलाफ 72 रनों से जीत हासिल की. दुबई में खेले गए महिला एशिया कप के इस मुकाबले में पाकिस्तान की स्पिनर नशरा संधू ने करिश्माई गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. बाएं हाथ की स्पिनर ने महज 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए. इसके साथ ही वो विमेंस T20I में पाकिस्तान की तरफ से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाली खिलाड़ी भी बन गईं.
नशरा संधू ने अपनी गेंदबाजी से तो प्रभावित किया ही, लेकिन इससे ज्यादा लाइमलाइट में फिलहाल उनका जूता है. जी हां, एशिया कप 2026 में ये पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली के ब्रांड का जूता पहनकर खेल रही हैं. जब नशरा ने अपना करियर बेस्ट प्रदर्शन किया, तो फैंस की नजर उनके जूते पर गई, जिसका सीधा कनेक्शन भारत के सुपरस्टार विराट कोहली से है.
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की महिला क्रिकेटर नशरा संधू चर्चा का विषय बनी हुईं हैं. इसके पीछे की वजह उनका प्रदर्शन तो है ही, लेकिन उससे ज्यादा उनका जूता है. एशिया कप में नशरा संधू विराट कोहली के ब्रांड One8 के जूते का इस्तेमाल कर रही हैं. बता दें कि कोहली ने हाल ही में अपने कंपनी के जूते की लॉन्चिंग की थी. One8 के जूतों को खास तरीके से तैयार किया गया है, जिसमें एथलीटों और मॉडर्न क्रिकेटर्स की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है.
बता दें कि पाकिस्तान की स्टार स्पिनर नशरा संधू विराट कोहली की बड़ी फैन हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था कि वो कोहली को अपना आदर्श मानती हैं. अब उन्होंने एशिया कप में कोहली के ब्रांड का जूता पहनकर साबित कर दिया है कि क्रिकेट हो या क्रिकेट किट... वो कोहली पर भरोसा करती हैं. 28 वर्षीय नशरा संधू लाहौर के पंजाब की रहने वाली हैं. उन्होंने 2017 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था. वो अभी तक अपने देश के लिए 89 ODI और 88 T20I खेल चुकी हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने अभी तक 210 विकेट चटकाए हैं.
Nashra Sundhu's career best spell earns her the 𝐏𝐥𝐚𝐲𝐞𝐫 𝐨𝐟 𝐭𝐡𝐞 𝐌𝐚𝐭𝐜𝐡 in Match 1️⃣1️⃣#DPWorldWomensAsiaCup2026 #PAKWvHKW #ACC pic.twitter.com/HWu87smv9t
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) September 7, 2026
हांगकांग के खिलाफ मैच में नशरा संधू के ऐतिहासिक प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान महिला टीम ने एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. जहां, उनका सामना शुक्रवार, 11 सितंबर को श्रीलंका से होगा. वहीं, टीम इंडिया 10 सितंबर को बांग्लादेश या यूएई में से किसी एक से सेमीफाइनल में भिड़ेगी. दुबई में खेले गए मैच में पाकिस्तान महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 143 रन बनाए थे, जिसके जवाब में हांगकांग की टीम 71 रनों पर ढेर हो गई.