App

रावलपिंडी से आया एक और तेज गेंदबाज, पहले ओवर में 146 KMPH की रफ्तार से फेंकी गेंद, जो रूट का कर लिया शिकार

पाकिस्तान के 21 साल के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में अपनी रफ्तार से तहलका मचा दिया. रजाउल्लाह ने डेब्यू मैच में 146KMPH की स्पीड दिखाई.

रावलपिंडी से आया एक और तेज गेंदबाज, पहले ओवर में 146 KMPH की रफ्तार से फेंकी गेंद, जो रूट का कर लिया शिकार
Image Credit: Razaullah

पाकिस्तान को आखिरकार वह तेज गेंदबाज मिल गया है, जिसकी उसे लंबे समय से तलाश थी. शोएब अख्तर के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में रावलपिंडी से एक और घातक तेज गेंदबाज ने दस्तक दी है. इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान के 21 साल के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने अपनी रफ्तार से ऐसा कहर बरपाया कि अंग्रेज बल्लेबाज परेशान नजर आए. दाएं हाथ के इस एक्सप्रेस तेज गेंदबाज ने लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की और अपने टेस्ट डेब्यू को यादगार बना दिया.

रावलपिंडी के रहने वाले तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान लगातार 140KMPH के आसपास की रफ्तार से गेंदबाजी की. रजाउल्लाह ने अपने पहले ही ओवर में एक गेंद करीब 146KMPH की रफ्तार से फेंकी थी. रजाउल्लाह इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी के दौरान 12वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने अंग्रेज कप्तान जो रूट को इस ओवर की चौथी गेंद 90MPH यानी करीब 143KMPH की रफ्तार से फेंकी. रजाउल्लाह ने इस आग उगलती हुई गेंद पर इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को LBW आउट कर दिया.

रावलपिंडी से आया एक और तेज गेंदबाज

रजाउल्लाह ने इस तरह टेस्ट क्रिकेट में अपने करियर की सिर्फ चौथी गेंद पर बड़ा विकेट हासिल कर लिया. रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को महज 8 रन पर आउट कर दिया. 143KMPH की रफ्तार से यह गेंद तेजी से अंदर आई और जो रूट के फ्रंट पैड पर जा लगी. पाकिस्तान ने रिव्यू लिया और रिप्ले में LBW का फैसला बरकरार रहा. रजाउल्लाह यहीं नहीं रुके, उन्होंने इसके बाद इंग्लैंड के ओपनर एमिलियो गे को 60 रन पर बोल्ड कर दिया. इस विकेट के लिए फेंकी गई गेंद की रफ्तार करीब 144KMPH दर्ज की गई थी. एमिलियो गे बॉल को संभाल नहीं सके और उनका बैट लगने के बाद गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी.

रजाउल्लाह सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी

रजाउल्लाह ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 9 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. भले ही इंग्लैंड ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली, लेकिन पाकिस्तान की गेंदबाजी में रजाउल्लाह सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाले खिलाड़ी रहे. पाकिस्तान क्रिकेट की पहचान हमेशा से उसके तेज गेंदबाज रहे हैं. शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह ने पिछले कई सालों से पाकिस्तानी टीम के फास्ट बॉलिंग अटैक का जिम्मा संभाल रखा है. ऐसे में रजाउल्लाह का लगातार 140KMPH से ऊपर की स्पीड से गेंदबाजी करना पाकिस्तान के लिए बहुत अच्छी खबर है.

प्रोफेशनल क्रिकेट की दुनिया में कदम कब रखा?

रजाउल्लाह ने साल 2023 में पाकिस्तान के मर्दान की ओर से डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 कॉम्पिटीशन के जरिए प्रोफेशनल क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने एबटाबाद के लिए रीजनल यूथ क्रिकेट में भी हिस्सा लिया. लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू क्रिकेट में आगे बढ़ने का मौका दिया. पिछले सीजन पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की नई टीम रावलपिंडीज ने रजाउल्लाह को अपने साथ जोड़ा. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर आकिब जावेद की नजर भी इस युवा गेंदबाज पर पड़ी. पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस के दौरान आकिब जावेद ने रजाउल्लाह की गेंदबाजी को करीब से देखा और खुश हुए.

पाकिस्तान टीम तक कैसे पहुंचे रजाउल्लाह?

रजाउल्लाह को इस साल अगस्त के आखिर में PCB के तेज गेंदबाजी कैंप के लिए बुलाया गया. इस कैंप में कुल 12 तेज गेंदबाज शामिल हुए थे. इनमें मोहम्मद इमरान जूनियर भी थे, जो तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान की टीम का हिस्सा हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरिम हेड कोच माइक हेसन ने रजाउल्लाह को पसंद किया था. माइक हेसन का रजाउल्लाह पर भरोसा उनके टेस्ट टीम में सेलेक्शन और डेब्यू की एक बड़ी वजह बना. रजाउल्लाह ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 30 विकेट और लिस्ट व टी20 क्रिकेट में 7-7 विकेट झटके हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More