SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वेस्टइंडीज को मिला नया सितारा! कौन है 23 साल का ये बल्लेबाज? जिसने खत्म किया 48 सालों का इंतजार

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज के 23 वर्षीय बल्लेबाज केविन विकहम को डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने दोनों पारियों में अर्धशतक जड़कर 48 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया. उन्होंने दिग्गजों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 09, 2026, 09:52 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 10:04 AM IST
Image Credit: वेस्टइंडीज को मिला नया सितारा! (@miaamormottley/X)
Join

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच सिलहट में सीरीज का दूसरा टेस्ट जारी है. इस मैच में 23 वर्षीय बल्लेबाज केविन विकहम ने 48 सालों का लंबा इंतजार खत्म कर इतिहास रच दिया. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. ऐसा लग रहा है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट को एक नया सितारा मिल गया है, जो लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकता है. 

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में केविन विकहम को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ इतिहास रच दिया. 48 सालों के लंबे इंतजार के बाद ऐसा हुआ है, जब वेस्टइंडीज के किसी खिलाड़ी ने अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में 50 रनों का आंकड़ा पार किया है.

सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज की टीम संकट में थी, लेकिन 23 साल के युवा बल्लेबाज ने अपनी टीम को मुसीबत से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. विकहम उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक ठोका है.

वेस्टइंडीज क्रिकेट में 48 साल बाद हुआ ऐसा

दिलचस्प बात ये भी है कि केविन विकहम को मजबूरी में ये मैच खिलाया गया. उन्हें अचानक डेब्यू करने का मौका मिला, क्योंकि जॉन कैंपबेल और टैगनारिन चंद्रपॉल मैच से ठीक पहले बीमार हो गए. युवा खिलाड़ी को मैच की सुबह अपनी पहली टेस्ट कैप मिली. वह टेस्ट क्रिकेट में कैरेबियाई टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले 349वें खिलाड़ी बन गए.

टेस्ट क्रिकेट में उनका डेब्यू बिल्कुल आसान नहीं रहा. पहली पारी में वेस्टइंडीज ने महज 27 के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. केविन विकहम नंबर-4 पर बैटिंग करने उतरे और अपनी टीम को संकट से निकाला. विकहम क्रीज पर अमीर जंगू के साथ जुड़े और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 131 रनों की एक अहम साझेदारी निभाई. जहां जंगू ने 133 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं अपना पहला मैच खेल रहे विकहम ने धैर्य और संयम दिखाते हुए 145 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल हैं.

इस युवा खिलाड़ी ने दूसरी पारी में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. वेस्टइंडीज के जोशुआ डा सिल्वा और ब्रैंडन किंग के आउट होने के बाद, विकहम ने कावेम हॉज के साथ मिलकर पारी को संभाला. इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। इसमें हॉज ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि विकहम ने 107 गेंदों पर 78 रनों का अहम योगदान दिया.

दिग्गजों की क्लब में मारी एंट्री

दोनों पारियों में अर्धशतक ठोकने के बाद विकहम 1978 में सेवदत्त शिवनारायण के बाद अपने टेस्ट डेब्यू पर ऐसा कारनामा करने वाले वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बन गए. इस उपलब्धि ने उन्हें लॉरेंस रो, गॉर्डन ग्रीनिज और क्लाइव लॉयड जैसे कई दिग्गज कैरेबियाई बल्लेबाजों के क्लब में शामिल किया, जिन्होंने भी अपने टेस्ट डेब्यू की दोनों पारियों में 50 से अधिक रन बनाए थे.

बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज दूसरा टेस्ट

दो मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज 1-0 से आगे है. कैरिबियाई टीम ने पहला मुकाबला 8 विकेट से जीता था. सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 356 रन बनाए थे. इसके जवाब में बांग्लादेश ने तौहीद हृदय की रिकॉर्ड ब्रेकिंग 242 रनों की पारी के दम पर 386 रनों का स्कोर खड़ा किया. ताजा अपडेट मिलने तक 5वें दिन वेस्टइंडीज ने दूसरी इनिंग में 398/6 के स्कोर पर पारी घोषित करने का फैसला किया है. बांग्लादेश के सामने 369 रनों का लक्ष्य है.

यह भी पढ़ें: पोंटिंग को पछाड़ा अब सचिन की बारी: न्यूजीलैंड में एक और धमाकेदार रिकॉर्ड से सिर्फ 62 रन दूर विराट कोहली
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES