IIT कानपुर से जापान की क्रिकेट टीम तक पहुंचा बिहार का लाल, भारत के खिलाफ मैच से पहले हो रहे नाम के चर्चे
IIT कानपुर से पढ़ाई करने वाले बिहार के क्रिकेटर अभिषेक आनंद ने जापान की क्रिकेट टीम तक का सफर तय किया है. भारत-जापान के बीच ऐतिहासिक T20I से पहले उनकी खूब चर्चा हो रही है.
बिहार के रोहतास जिले से निकलकर IIT कानपुर में पढ़ाई और फिर जापान की नेशनल क्रिकेट टीम तक पहुंचने वाले अभिषेक आनंद की खूब चर्चा हो रही है. भारत और जापान के बीच कल यानी 22 सितंबर को होने वाले ऐतिहासिक T20I मुकाबले से पहले अभिषेक आनंद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 28 साल के अभिषेक आनंद ने IIT कानपुर से केमिस्ट्री की पढ़ाई की और नौकरी के लिए जापान चले गए. वहां उन्होंने अपनी क्रिकेट की दीवानगी को जारी रखा और धीरे-धीरे नेशनल टीम में जगह बना ली.
जापान ने इस मैच के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है और अभिषेक आनंद उस टीम में शामिल नहीं हैं. अभिषेक आनंद का क्रिकेट से रिश्ता जापान पहुंचने के बाद शुरू नहीं हुआ था. IIT कानपुर में पढ़ाई के दौरान भी वह क्रिकेट खेलते रहे और संस्थान की टीम की कप्तानी तक की. केमिस्ट्री की डिग्री पूरी करने के बाद वह नौकरी के लिए टोक्यो चले गए. वहां प्रोफेशनल जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना जारी रखा.
जापान की क्रिकेट टीम तक पहुंचा बिहार का लाल
जापान में स्थानीय क्रिकेट में लगातार बढ़िया प्रदर्शन करने के बाद अभिषेक आनंद को नेशनल टीम में मौका मिला. उन्होंने 9 मई 2025 को कुक आइलैंड्स के खिलाफ अपना T20I डेब्यू किया. अभिषेक आनंद जापान के लिए अभी तक 18 T20I मुकाबले खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 275 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 55 रन है. उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया है.
भारत-जापान T20I मैच से पहले अभिषेक आनंद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उनसे जापान को रिप्रेजेंट करने वाले बिहारी क्रिकेटर होने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, 'बिहारी कहां नहीं है भाई?' अभिषेक आनंद ने अपने इस जवाब से सोशल मीडिया पर महफिल लूट ली.
कब होगा भारत बनाम जापान का ऐतिहासिक मैच?
भारत और जापान के बीच कल यानी 22 सितंबर को एक ऐतिहासिक T20I मैच खेला जाना है. यह मुकाबला जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. यह दोनों देशों की मेंस टीमों के बीच पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबला होगा. यह मैच सुजुकी कप के तहत खेला जा रहा है और भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर हो रहा है. इसके अलावा यह मुकाबला एशियन गेम्स की तैयारी के लिहाज से भी अहम है, क्योंकि क्रिकेट प्रतियोगिता इसके दो दिन बाद शुरू होनी है.