विराट कोहली की जगह लेने वाला मिल गया? वसीम जाफर ने चुना भारत का अगला नंबर-3 बल्लेबाज, चौके-छक्के उड़ाने में उस्ताद
वसीम जाफर ने तिलक वर्मा पर भरोसा जताया है कि वह विराट कोहली के संन्यास के बाद भारत की वनडे इंटरनेशनल टीम में फिट हो सकते हैं और नंबर-3 पोजीशन पर बल्लेबाजी कर सकते हैं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने उस बल्लेबाज को चुन लिया है, जो भविष्य में विराट कोहली की जगह भारत की वनडे इंटरनेशनल टीम में नंबर-3 पोजीशन पर बैटिंग कर सकता है. बता दें कि विराट कोहली 18 साल से भारतीय वनडे टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं. उन्होंने अभी तक 317 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 58.78 की औसत से 15109 रन बटोर हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 55 शतक और 79 अर्धशतक विराट कोहली के खाते में दर्ज हैं.
वसीम जाफर का मानना है कि भविष्य में तिलक वर्मा वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के अगले नंबर-3 बल्लेबाज हो सकते हैं. वसीम जाफर के मुताबिक विराट कोहली के संन्यास के बाद, भारतीय टीम को नंबर-3 बैटिंग पोजीशन पर एक बाएं हाथ के बल्लेबाज के उतरने से फायदा हो सकता है. वसीम जाफर ने तिलक वर्मा की अलग-अलग बैटिंग पोजीशन पर खुद को साबित करने की काबिलियत की तारीफ की है. वसीम जाफर का यह बयान पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में तिलक वर्मा की 22 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की मैच टर्निंग पारी के बाद आया है.
वसीम जाफर ने चुना भारत का अगला नंबर-3 बल्लेबाज
वसीम जाफर ने एक यूट्यूब वीडियो में कहा, 'तिलक वर्मा की अलग-अलग पोजीशन पर खेलने की काबिलियत देखकर बहुत अच्छा लगता है. उन्होंने पहले नंबर-3 पर शतक लगाया था, और अब उन्होंने नंबर 5 और नंबर 6 की पोजीशन पर भी बहुत अच्छे से खुद को ढाल लिया है. यह एक कमाल की खूबी है. अब समय आ गया है, जब विराट और रोहित टीम छोड़ेंगे, तो जाहिर है कि रोहित टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज हैं और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल ले सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि विराट की जगह एक बाएं हाथ का बल्लेबाज आएगा और वह तिलक वर्मा हो सकते हैं.'
तीनों फॉर्मेट में बेस्ट खिलाड़ी साबित हो सकते हैं तिलक वर्मा
वसीम जाफर ने कहा, 'हमने देखा कि तिलक वर्मा ने दलीप ट्रॉफी में कैसे रन बनाए. उनका फर्स्ट-क्लास औसत लगभग 55 है. इसलिए, वह तीनों फॉर्मेट में आसानी से फिट हो सकते हैं.' बता दें कि तिलक वर्मा की तेज-तर्रार हाफ-सेंचुरी की मदद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में 20 ओवर में 211/6 का स्कोर बनाया. टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 192/6 के स्कोर पर रोक दिया और गोल्ड मेडल जीता. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए फाइनल मैच में अभिषेक शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 28 गेंदों पर 61 रन बनाए.
अभिषेक शर्मा पर भी दिया बड़ा बयान
वसीम जाफर ने इस बारे में भी बात की कि अभिषेक शर्मा एक बल्लेबाज के तौर पर कितने परिपक्व हो गए हैं. उन्होंने बताया कि अभिषेक शर्मा पहले शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते थे, लेकिन अब 26 साल के अभिषेक शर्मा को समझ आ गया कि उनका तरीका सही नहीं था, इसलिए उन्होंने अपने खेल में बदलाव किया. वसीम जाफर ने कहा, 'ऐसा लगता है कि अभिषेक शर्मा अब थोड़े परिपक्व हो गए हैं. वह थोड़ा समय लेते हैं और अब उनमें आत्मविश्वास दिखता है, हालांकि इस फॉर्मेट में ज्यादा समय नहीं मिलता. पहले वह पहली ही गेंद पर छक्का मारने की कोशिश करते थे. अब उन्हें समझ आ गया है कि वह तरीका गलत था.'