प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए विराट को मिले थे ₹5 करोड़? अब सामने आया कोहली का बड़ा रिएक्शन
विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज के वृंदावन आश्रम जाने को लेकर 5 करोड़ रुपए भुगतान का दावा सामने आया था. अब कोहली के प्रवक्ता ने इस आरोप को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया है.
विराट कोहली को लेकर एक ऐसा दावा सामने आया, जिसने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट फैंस तक हलचल बढ़ा दी. आरोप लगाया गया कि भारत के पूर्व कप्तान को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था. हालांकि, अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. यह दावा दिनेश शर्मा, जिन्हें फालाहारी महाराज के नाम से भी जाना जाता है, की ओर से सामने आया.
दिनेश शर्मा श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष हैं. रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर सामने आए उनके बयान में आरोप लगाया गया कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. हालांकि इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. अब तक सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई भुगतान रिकॉर्ड, कॉन्ट्रैक्ट या अन्य दस्तावेज सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो सके कि विराट कोहली को आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे.
विराट कोहली के प्रवक्ता ने क्या कहा?
आरोप सामने आने के बाद विराट कोहली के प्रवक्ता ने स्पष्ट शब्दों में इसे खारिज किया. विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा, 'हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के बारे में किए गए दावे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली प्रेमानंद महाराज जी के पास पूरी तरह से अपनी गहरी आस्था और उनके प्रति सम्मान के कारण जाते हैं. हम इन दावों का पुरजोर खंडन करते हैं और मीडिया से आग्रह करते हैं कि वे ऐसी बातों की रिपोर्ट करने या उन्हें आगे बढ़ाने से पहले पूरी सावधानी बरतें, तथ्यों की जांच करें और जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें.'
फलाहारी महाराज का रिएक्शन आया सामने
विराट कोहली की तरफ से जारी किए गए इस बयान के बाद फलाहारी महाराज उर्फ दिनेश शर्मा ने अपना रिएक्शन दिया है. फलाहारी महाराज ने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच करा दीजिए. दूध का दूध और पानी का पानी अपने आप हो जाएगा. विराट कोहली ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से 50 ओवर के क्रिकेट में वापसी की. तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने नाबाद 139 रन की शानदार पारी खेली. पहले वनडे में 139 रन की पारी के दौरान विराट कोहली ने 15,000 वनडे रन पूरे कर लिए. वह सचिन तेंदुलकर के बाद इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के केवल दूसरे बल्लेबाज बने. हालांकि, इसके बाद अगले दो मैचों में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला. विराट ने दूसरे वनडे में 29 रन बनाए, जबकि तीसरे मैच में वह खाता भी नहीं खोल सके.
विराट कोहली का अगला वनडे असाइनमेंट नवंबर में
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम की, लेकिन तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने पांच विकेट से जीत दर्ज कर भारत को क्लीन स्वीप करने से रोक दिया. तीन मैचों की इस सीरीज में विराट कोहली के बल्ले से कुल 168 रन निकले. विराट कोहली का अगला वनडे असाइनमेंट नवंबर में होने वाला भारत का न्यूजीलैंड दौरा माना जा रहा है. पांच मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड में प्रस्तावित है. इसके बाद मुकाबले वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में खेले जाने हैं. विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब उनका फोकस वनडे क्रिकेट पर है. उन्होंने संकेत दिया है कि 2027 ODI वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है. ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें आने वाले समय में विराट के वनडे प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी.