SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Virat Kohli: सचिन को लगे 23 साल... विराट कोहली 18 साल के करियर में ही तोड़ देंगे ये प्रचंड रिकॉर्ड, इतिहास में दर्ज हो जाएगा नाम

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज यानी 27 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ODI मैच में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 27, 2026, 06:22 AM IST | Updated: Sep 27, 2026, 03:30 PM IST
Image Credit: Virat Kohli
Join

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं और रविवार (27 सितंबर) को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे मैच उनके लिए यादगार साबित हो सकता है. विराट कोहली के पास इस मुकाबले में सिर्फ रन बनाने का मौका नहीं होगा, बल्कि वह एक साथ कई बड़े ODI रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं. विराट कोहली अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को तिरुवनंतपुरम में होने वाले पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में 133 रन बना लेते हैं, तो वह घरेलू धरती पर खेले गए वनडे इंटरनेशनल मैचों में 7000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

विराट कोहली ने अभी तक भारत की धरती खेले गए 130 वनडे मैचों में 6,867 रन बनाए हैं. घरेलू वनडे मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम पर दर्ज है. सचिन तेंदुलकर ने भारत में 164 वनडे मैच खेलते हुए 6,976 रन बनाए थे. विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से आगे निकलने के लिए अब सिर्फ 110 रन की जरूरत है. अगर विराट कोहली पहले ODI मैच में 133 रन बना लेते हैं, तो वह घरेलू वनडे क्रिकेट में 7,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI खेलने वाले भारतीय बनेंगे विराट 

तिरुवनंतपुरम में रविवार को प्लेइंग-XI में शामिल होते ही विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन जाएंगे. फिलहाल वह मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ बराबरी पर हैं. दोनों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43-43 वनडे खेले हैं. विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 वनडे में 2,261 रन बनाए हैं और इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं.

घरेलू ODI मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

1. सचिन तेंदुलकर - 164 मैचों में 6976 रन
2. विराट कोहली - 130 मैचों में 6867 रन
3. रिकी पोंटिंग - 153 मैचों में 5406 रन
4. रोहित शर्मा - 103 मैचों में 5217 रन
5. जैक कैलिस - 142 मैचों में 5178 रन

150 रन बनाकर पूरा करेंगे 4,000 रन का आंकड़ा

विराट कोहली के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड छूने का मौका है. उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ तीनों फॉर्मेट मिलाकर अब तक 3,850 रन बनाए हैं. अगर विराट कोहली पहले वनडे मैच में 150 रन बना लेते हैं, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके 4000 रन पूरे हो जाएंगे. अब तक सिर्फ जैक कैलिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 4000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं.

कोहली 15000 ODI रन पूरे कर लेंगे

विराट कोहली फिलहाल मेंस ODI क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 314 ODI मैचों की 302 पारियों में 14,941 रन दर्ज हैं. ऐसे में अगर कोहली पहले ODI में कम से कम 59 रन बना लेते हैं, तो वह ODI क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे. उनसे पहले यह उपलब्धि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने हासिल की थी. सचिन तेंदुलकर ODI क्रिकेट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 1989 से 2012 के बीच भारत के लिए 463 वनडे मैचों में 18,426 रन बनाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES