क्रिकेट के 'बिग शो' का द एंड: ग्लेन मैक्सवेल की 5 सबसे यादगार पारियां, एक का जिक्र तो 100 साल बाद भी होगा
ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल के इंटरनेशनल करियर का द एंड हो गया है. उन्होंने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है. 'बिग शो' ने 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में 201 रनों की जो करिश्माई पारी खेली थी, उसे शायद ही कोई क्रिकेट फैंस भूल सकता है.
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर और 'बिग शो' के नाम से मशहूर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. सोमवार (02 नवंबर) को देर रात मैक्सी ने इंटरनेशनल और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की. वो अपना विदाई मैच अपने होम ग्राउंड मेलबर्न में खेलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि अगले साल होने वाले ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए युवाओं को मौका देना जरूरी है,इसलिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर विराम लगाने का फैसला किया.
मैक्सवेल ने 130 T20I मैचों में 2,897 रन बनाए हैं, जो इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है. उनका स्ट्राइक रेट 154 से अधिक रहा है. उन्होंने T20I में पांच शतक भी लगाए हैं, जो एक विश्व रिकॉर्ड है और इस मामले में वे रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं. 2012 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कई अहम और मैच विनिंग पारियां खेली. आइए नजर डालते हैं उनकी 5 सबसे यादगार पारियों पर, जिन्हें क्रिकेट फैंस हमेशा याद रखेंगे.
अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 201 रन, 2023 वर्ल्ड कप
ग्लेन मैक्सवेल की ये पारी सिर्फ उनके करियर की नहीं, बल्कि ODI क्रिकेट इतिहास की सबसे बेस्ट पारियों में से एक है. वर्ल्ड कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया का सामना अफगानिस्तान से था. कंगारुओं पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैक्सवेल एक वॉरियर की तरह अकेले पूरी अफगान टीम से भिड़ गए थे. ऑस्ट्रेलिया के जीतने का चांस 2-3 प्रतिशत ही था, लेकिन उसके बाद चमत्कार हुआ.
292 रनों का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने महज 91 रनों पर 7 विकेट खो दिए. मैच अफगानिस्तान की मुट्ठी में था, लेकिन कब फिसल गया... पता ही नहीं चला. सबसे खास बात ये थी कि मैक्सवेल जख्मी थे, उनसे दो कदम चला भी नहीं जा रहा था, लेकिन उस दिन उन्होंने जो जज्बा दिखाया, उसे पूरे क्रिकेट जगत ने सलाम किया. अफगान गेंदबाजों को तहस-नहस करते हुए मैक्सवेल ने 201 रनों की नाबाद पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया को हारी हुई बाजी जीता दी. मैक्सवेल ने कप्तान पैट कमिंस के साथ 8वें विकेट के लिए 202 रनों की अटूट साझेदारी की. कमिंस 68 गेंदों पर 12 रन बनाकर खड़े रहे और बाकी काम 'बिग शो' ने किया. इस करिश्माई पारी के दौरान मैक्सवेल ने 21 चौके और 10 छक्के जड़े.
इंग्लैंड के खिलाफ 90 गेंदों में 108 रन, 2020
2020 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में ग्लेन मैक्सवेल ने 108 रनों की शानदार पारी खेली. 300 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, एक समय टीम 73/5 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी, तभी मैक्सवेल 7वीं नंबर पर बल्लेबाजी करने आए. 'बिग शो' ने एलेक्स कैरी के साथ 212 रनों की साझेदारी की और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया.
भारत के खिलाफ 48 गेंदों में 104 रन, 2023
ग्लेन मैक्सवेल के अकेले दम पर ऑस्ट्रेलिया ने गुवाहाटी में मेजबान भारत द्वारा दिए गए 223 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल कर लिया. दबाव के आगे पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप के लड़खड़ाने के बावजूद, मैक्सवेल डटे रहे और उनके शानदार शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीत दर्ज की. यह उनका पांचवां T20I शतक था, जिसके साथ ही उन्होंने सबसे ज़्यादा T20I शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा की बराबरी कर ली.
श्रीलंका के खिलाफ 65 गेंदों पर 145 रन, 2016
मैक्सवेल का पहला T20I शतक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस फॉर्मेट में उनका अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी था. 2016 में पल्लेकेले के मैदान पर, इस पावर-हिटर ने सिर्फ 65 गेंदों में 145 रन बनाए. इस पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 263 रन का स्कोर खड़ा किया, जो उस समय T20I में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर था. इस शानदार पारी के दौरान स्टार ऑलराउंडर ने 14 चौके और 9 छक्के जड़े.
भारत के खिलाफ 185 गेंदों में 104 रन. 2017
ग्लेन मैक्सवेल ने अपना पहला टेस्ट शतक 2017 में भारत के दौरे के दौरान रांची में लगाया था. उन्हें रेड-बॉल फॉर्मेट (टेस्ट क्रिकेट) के लिए चुना गया था. मैच की पहली पारी में, 'व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट' मैक्सवेल ने शानदार शतक जड़ा और चौथे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ के साथ 191 रनों की साझेदारी की.
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में आखिरी बार जलवा बिखेरने उतरेंगे 'किंग' कोहली! हर मैच होगा खास, निशाने पर 10 बड़े रिकॉर्ड्स