)
सुबह के 4:30 बजे, चारों तरफ पसरा घुप्प अंधेरा, हाथ में एडमिट कार्ड और साइकिल के पैडल मारते पिता के पीछे बैठी बेटी के चेहरे पर सरकारी नौकरी का सपना... उत्तर प्रदेश की सड़कों पर भोर की ठंड में रिकॉर्ड किया गया महज 21 सेकंड का यह वीडियो आज पूरे देश के करोड़ों युवाओं और माता-पिताओं की आंखों में आंसू ला रहा है. आज के दौर में जब कॉम्पिटिशन एग्जाम के सेंटर सैकड़ों किलोमीटर दूर दे दिए जाते हैं और बेटियां आधी रात को घरों से निकलने में डरती हैं, सोचिए, एक पिता अपनी पुरानी साइकिल पर बेटी को बैठाकर चौराहे तक छोड़ने निकलता है, जिससे उसकी लाडली की परीक्षा न छूट जाए.
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की UPSSSC PET 2026 परीक्षा देने जा रही छात्रा नैमिशा कश्यप ने जब साइकिल के कैरियर पर बैठकर अपने पिता का यह वीडियो रिकॉर्ड किया, तब उसने यह नहीं सोचा होगा कि इसे इतना प्यार मिलेगा. सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए बेटी ने लिखा, 'मेरे पिता मेरे सबसे बड़े सपोर्टर हैं'. वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया. लोग वीडियो के कमेंट सेक्शन में पिता के जज्बे को सलाम कर रहे हैं.
वीडियो में नैमिशा कैमरे की तरफ देखकर बताती हैं कि उनके पापा उन्हें आगे चौराहे तक साइकिल से छोड़ने जा रहे हैं. वह कहती हैं कि अभी सुबह के साढ़े 4 बजे हैं और आप देख सकते हैं कि कितना अंधेरा है, इसीलिए मैं पापा के साथ जा रही हूं. इसके बाद वह दूसरे अभ्यर्थियों से भी पूछती हैं कि आज और किस-किस का PET का एग्जाम है. वह लोगों से कमेंट में बताने के लिए कहती हैं. बेटी की बातों में पिता के लिए भरोसा साफ नजर आता है. वहीं, पिता भी बिना किसी दिखावे के अपनी जिम्मेदारी निभाते दिखाई देते हैं. यही सादगी इस वीडियो को खास बना रही है.
A girl going to write #UPPSC exam, dropped by her father at morning 430AM yesterday 👏👏 Salute to her father and all the best #NaimishaKashyap ji 🙏 https://t.co/Cmrny5iRAk
— Savoir Vivre (@InterferonEi) November 2, 2026
UPSSSC PET 2026 की परीक्षा संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की गई थी. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हुए. PET यानी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए अहम है, जो उत्तर प्रदेश में विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती के लिए आगे की प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं. ऐसे में परीक्षा के दिन सेंटर तक पहुंचने से लेकर समय पर परीक्षा देने तक कई तरह की तैयारियां करनी पड़ती हैं.
नैमिशा का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पिता-बेटी के इस रिश्ते की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने बेटी को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं, तो कुछ ने पिता के इस साथ को सबसे बड़ी प्रेरणा बताया. एक यूजर ने लिखा कि बधाई हो बहन, तुम्हारा सपना जरूर सच होगा. दूसरे ने कहा कि पिता को सलाम है. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि सोच में यह सकारात्मक बदलाव देखकर अच्छा लगा. कुछ लोगों ने इस सफर को लेकर सावधानी बरतने की सलाह भी दी. उनका कहना था कि सुबह के समय अंधेरा होने की वजह से सड़क पर एक्स्ट्रा ध्यान रखना जरूरी है.
इस वीडियो में न कोई बड़ा इंतजाम है और न ही कोई खास दिखावा. एक पिता हैं, जो सुबह-सुबह अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए साइकिल लेकर निकल पड़े. बेटी भी इस साथ को कैमरे में कैद कर रही है और खुशी से बता रही है कि उसके पिता उसके सबसे बड़े सपोर्टर हैं. दरअसल, किसी भी बच्चे के लिए परिवार का भरोसा बहुत मायने रखता है. परीक्षा में नंबर कितने आएंगे या नौकरी कब मिलेगी, यह बाद की बात है. लेकिन मुश्किल समय में परिवार का साथ मिलने से आगे बढ़ने की हिम्मत जरूर मिलती है. नैमिशा का यह वीडियो भी इसी बात की याद दिलाता है कि कई बार सपनों तक पहुंचने के सफर में सबसे बड़ा सहारा घर से ही मिलता है.
(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)