)
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली का खराब प्रदर्शन देखने को मिला है. रविवार (15 नवंबर) को माउंट मौनगानुई के बे ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में विराट कोहली सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए. मैट फिशर की गेंद पर विराट कोहली विकेट के पीछे कैच आउट हुए. विराट कोहली ने इसी के साथ ही एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज करा लिया है. 14 साल बाद एक बार फिर एक ऐसा शर्मनाक पल आया है, जब विराट कोहली किसी द्विपक्षीय वनडे इंटरनेशनल सीरीज में तीन पारियों में दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस वनडे इंटरनेशनल सीरीज की शुरुआत विराट कोहली ने पहले मैच में ऑकलैंड के मैदान पर 51 गेंद पर 74 रन बनाकर की थी, लेकिन उसके बाद उनका प्रदर्शन अचानक गिर गया. विराट कोहली अपनी अगली तीन पारियों में क्रमशः 7, 0 और 5 रन बनाकर आउट हो गए. इस वनडे इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मैच में विराट कोहली 7 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बन गए. तीसरा मैच बारिश के कारण बिना कोई गेंद फेंके ही रद्द हो गया था. चौथे मैच में मैट हेनरी के खिलाफ विराट कोहली 4 गेंदों का सामना करते हुए शून्य के स्कोर पर बोल्ड हो गए. पांचवें वनडे इंटरनेशनल मैच में विराट कोहली को 5 रन के निजी स्कोर पर मैथ्यू फिशर ने आउट कर दिया.
इससे पहले साल 2012-13 में पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे इंटरनेशनल सीरीज में विराट कोहली तीन पारियों में दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए थे. 14 साल पहले पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू ODI सीरीज के दौरान विराट कोहली 24 साल के थे और 'आईसीसी वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर' थे. साल 2012 में उन्होंने 31 वनडे मैचों में 1733 रन बनाए थे और उसी दौरान दिसंबर 2012-जनवरी 2013 में पाकिस्तान की टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत आई थी.
पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जुनैद खान ने उस वनडे इंटरनेशनल सीरीज में विराट कोहली को तीनों ODI मैचों में सिंगल-डिजिट स्कोर पर आउट किया. 30 दिसंबर 2012 को चेन्नई में वे 5 गेंदों पर 0 रन बनाकर बोल्ड हो गए, 3 जनवरी 2013 को कोलकाता में 6 रन बनाकर विकेट के पीछे कैच आउट हुए और 6 जनवरी 2013 को दिल्ली में 7 रन बनाकर दूसरे स्लिप पर यूनिस खान के हाथों कैच आउट हुए. इस पूरी सीरीज में जुनैद खान ने उन्हें 24 गेंदें फेंकीं, जिस पर विराट कोहली केवल 3 रन बना सके. इस सीरीज में विराट कोहली का कुल स्कोर 13 रन रहा, जो 4.33 की औसत से बना था.