App

फीकी पड़ी AI की चमक! भारत का रुख कर रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स; अब दलाल स्ट्रीट पर होगी पैसों की बारिश

एआई के घटते क्रेज और ग्लोबल निवेशकों के बदलते रुख के बीच भारत फिर से विदेशी निवेशकों की पसंद बन रहा है. भारतीय शेयर बाजार की तरफ से एक बार फिर से विदेशी निवेशकों का निवेश बढ़ने का आलम यह है कि पिछले तीन हफ्ते में 60 हजार करोड़ का निवेश आया है.

फीकी पड़ी AI की चमक! भारत का रुख कर रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स; अब दलाल स्ट्रीट पर होगी पैसों की बारिश
Image Credit: (File Pic) तीन हफ्ते के दौरान भारतीय बाजार में करीब 60 हजार करोड़ रुपये की शेयर खरीद हुई है.

आज की दुनिया में एआई (AI) का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. लोगों को हर काम एआई के जरिये कराने की आदत पड़ रही है. पिछले दो साल के दौरान तो ऐसा लग रहा था मानो दुनिया में सिर्फ टेक और AI ही दो चीजें ऐस हैं, जिनमें पैसा कमाया जा सकता है. इसी का असर रहा कि इस दौरान निवेशकों ने एआई कंपनियों में जमकर निवेश किया. एआई के तेजी से आगे बढ़ने की रफ्तार यह रही कि एनवीडिया की वैल्यूएशन भारत की जीडीपी से भी ज्यादा हो गई. लेकिन अब अमेरिका और दुनियाभर के निवेशकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई एआई पर किया जा रहा भारी-भरकम खर्च उतना रिटर्न दे पा रहा है जितनी कि इससे उम्मीद की गई? इस असमंजस के चलते फंड मैनेजर्स ऐसे रास्तों की तलाश कर रहे हैं जो टेक शेयरों से दूर हों.

एआई और टेक शेयरों से दूरी और इस पूरी उठापटक के बीच यदि किसी देश की सबसे ज्यादा चांदी होने वाली है तो वो है भारत. जी हां, मशहूर ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की हालिया रिपोर्ट में इस पर मुहर लगाई गइ है. जेफरीज की तरफ से कहा गया कि इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा इंडियन शेयर मार्केट को मिलने वाला है.

रिवर्स AI ट्रेड और भारत की एंट्री

लोगों को धीरे-धीरे यह लगने लगा है कि AI का क्रेज अपने चरम पर पहुंचकर अब कम हो रहा है, वैसे-वैसे निवेशकों का मूड भी बदल रहा है. जेफरीज की रिपोर्ट के अनुसार, पोर्टफोलियो मैनेजर का रुख बदल रहा है और अब वे नॉन-AI ट्रेड यानी ऐसे सेक्टर्स पर फोकस कर रहे हैं जहां असली वैल्यू और ग्रोथ बची है. इमर्जिंग मार्केट्स पर बात करें तो भारत 'रिवर्स AI ट्रेड' का सबसे बड़ा और स्वाभाविक विनर बनकर उभर रहा है. दुनियाभर के निवेशक यह समझ चुके हैं कि केवल एक ही थीम पर पैसा लगाने से रिस्क बढ़ता है. ऐसे में भारत जैसी तेजी से बढ़ती इकोनॉमी उनके लिए परफेक्ट और सुरक्षित विकल्प साबित हो रही है.

दलाल स्ट्रीट पर लौट रहे विदेशी निवेशक

इस बदलाव का असर भारतीय शेयर बाजार में साफतौर पर देखा जा रहा है. विदेशी निवेशकों ने फिर से भारतीय शेयरों में दिल खोलकर निवेश करना शुरू कर दिया है. आंकड़ों को देखें तो विदेशी निवेशकों ने महज तीन हफ्ते के दौरान भारतीय बाजार में करीब 60 हजार करोड़ रुपये के शेयर खरीद की है. इसमें से नवंबर के पहले हफ्ते में रिकॉर्ड 5.2 अरब डॉलर की खरीदारी की गई. यह वापसी इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि पहले विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से भारी मात्रा में पैसा निकाला था. 2026 की शुरुआत से लेकर अब तक बाजार से निकासी काफी ज्यादा रही. लेकिन अब नए ट्रेंड से साफ है कि ग्लोबल मनी मैनेजर्स का भरोसा भारत की तरफ फिर से बढ़ रहा है.

निवेशकों की पसंद क्यों बन रहा भारत?

पिछले दिनों भारतीय शेयर बाजार से एफआईआई के पैसा निकालने के बाद अब यह सवाल लाजिमी है कि दलाल स्ट्रीट अब निवेशकों की पसंद क्यों बन रहा है? इस पर गौर करें तो भारत की तरफ निवेशकों का झुकाव बढ़ने के दो बड़े कारण हैं. पहला कारण वैल्यूएशन और दूसरा देश की इकोनॉमी में होने वाला सुधार. जेफरीज का कहना है, भारतीय शेयर अभी भी बहुत ज्यादा महंगे नहीं हैं और उनकी वैल्यूएशन कंट्रोल में है. इसके अलावा इस साल देश की इकोनॉमिक रिकवरी भी उम्मीद से बेहतर रही है. यदि निफ्टी की बात करें तो यह अगले साल की अनुमानित कमाई का 18.4 गुने पर ट्रेड कर रहा है, जबकि निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 23.1 गुना पर चल रहा है.

प्राइवेट सेक्टर में निवेश की रफ्तार

विदेश निवेशकों का ही नहीं, देश में प्राइवेट सेक्टर का इन्वेस्टमेंट भी तेजी से बढ़ रहा है. इसका सबसे बड़ा सबूत मशीनरी इम्पोर्ट से मिलता है. देश में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट देखने के लिए मशीनरी इम्पोर्ट को बड़ा पैमाना माना जाता है. फाइनेंशियल ईयर 2021 में मशीनरी इम्पोर्ट 29 अरब डॉलर था, यह अब बढ़कर FY 2026 में 62 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. सितंबर 2026 तक यह आंकड़ा और बढ़कर 67 अरब डॉलर के पार पहुंच गया. इससे साफ है कि देश में मैन्युफैक्चरिंग और बिजनेस एक्टिविटीज तेजी से परवान चढ़ रही हैं.

घरेलू निवेशक और म्यूचुअल फंड की ताकत

विदेशी निवेशकों के अलावा भारतीय रिटेल निवेशकों ने शेयर बाजार को संभाल रखा है. म्यूचुअल फंड्स के जरिये बाजार में लगातार पैसा आ रहा है और भारतीय अब शेयर बाजार की ताकत समझ चुके हैं. अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स के जरिये 35 हजार करोड़ रुपये का भारी निवेश आया है. साल 2026 के शुरुआती 10 महीने के दौरान कुल म्यूचुअल फंड इनफ्लो 3.9 ट्रिलियन रुपये तक पहुंच गया. जेफरीज ने माना कि अमेरिका के बाद भारत इस समय दुनिया का सबसे डायनेमिक कैपिटल मार्केट बन गया है. हालांकि, बाजार में शेयरों की बढ़ती सप्लाई की वजह से कई बार बेंचमार्क इंडेक्स के तेजी से ऊपर जाने पर थोड़ा ब्रेक जरूर लगा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More