ड्रॉ का दर्द भूल जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, दूसरे टेस्ट में कौन IN कौन OUT? ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. ड्रॉ का दर्द झेलने के बाद टीम इंडिया जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी. प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव हो सकते हैं. अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की वापसी हो सकती है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट 27 नवंबर से 01 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. वेलिंगटन में खेला गया पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. इस नतीजे से टीम इंडिया को दर्द हो रहा होगा, क्योंकि 720 रनों का रिकॉर्डतोड़ स्कोर भी उन्हें जीत नहीं दिला सका. भारत को आखिरी दिन 8 विकेट की दरकार थी, लेकिन डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स दीवार बनकर खड़े हो गए और टीम इंडिया के मंसूबे पर पानी फेर दिया.
पहले टेस्ट में बल्लेबाजों ने तो शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन गेंदबाजी कमजोर दिखी. जब भी न्यूजीलैंड की तरफ से बड़ी साझेदारी हुई, भारतीय बॉलर्स संघर्ष करते दिखे. उनके पास कोई प्लान-बी नहीं था. यही वजह है कि भारत को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा, जबकि ये मैच उनके मुट्ठी में था.
सिराज-जडेजा की होगी वापसी?
कहते हैं, ''सुबह का भूला अगर शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते हैं.'' हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को अपनी गलती माननी होगी कि पहले टेस्ट में दो अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को बाहर रखना गलत फैसला था. खासकर, सिराज जो पहले टेस्ट के आखिरी दिन मैच का पासा पलट सकते थे. बड़ी पार्टनरशिप तोड़ने में वो माहिर माने जाते हैं. वो बिना थके लंबा स्पेल डालने में भी एक्सपर्ट हैं और वेलिंगटन टेस्ट में इसी की कमी खली. सिराज के अलावा रवींद्र जडेजा की भी प्लेइंग इलेवन में एंट्री हो सकती है, जो गेंद के साथ बल्ले से भी बाजी पलटने का दम रखते हैं.
आकाशदीप-सुंदर की होगी छुट्टी?
अगर दूसरे टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा की वापसी होती है तो प्लेइंग इलेवन से आकाशदीप और वाशिंगटन सुंदर का पत्ता कट सकता है. ये दोनों पहले टेस्ट में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सके थे. चोट के बाद वापसी कर रहे आकाशदीप लगातार सही टप्पे पर गेंद करने में असफल रहे, जबकि सुंदर ने भी गेंद से निराश किया. उन्होंने पहले टेस्ट में कुल 55 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन सिर्फ एक विकेट लेने में कामयाब रहे.
ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह
पहले टेस्ट में क्या हुआ?
वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. 70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की. हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच 216 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसके दम पर न्यूजीलैंड ने 368 रन बनाए. निकोल्स ने 175 और फिलिप्स ने 118 रनों की पारी खेली.
इसके जवाब में भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. टॉप-7 विकेट के लिए 50 से अधिक रनों की साझेदारी हुई, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़ा, जबकि शुभमन गिल ने 98 रन, यशस्वी ने 85 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन और ध्रुव जुरेल ने 78 रनों का योगदान दिया. भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया, जो विदेशी जमीन पर उनका सबसे बड़ा स्कोर है. हालांकि, कहीं ना कहीं कप्तान शुभमन ने पारी घोषित करने में थोड़ी देर जरूर कर दी.
न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में ऑलआउट करने के लिए भारतीय गेंदबाजों के पास काफी समय था. चौथे दिन के स्टंप्स तक कीवी टीम ने दो विकेट खो भी दिए. आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 8 विकेट की दरकार थी. पहले सेशन में दो और दूसरे में एक विकेट मिली. इसके बाद मिचेल और फिलिप्स ने खूंटा गाड़ दिया और भारत के सभी गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. बुमराह भी कमाल नहीं दिखा सके. दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवरों का सामना किया. मिचेल-फिलिप्स ने 43 ओवर तक बल्लेबाजी की और 63 रन जोड़े. इरादा मैच ड्रॉ करने का था, जिसमें दोनों कामयाब हुए.
ये भी पढ़ें: WTC 2027 फाइनल की जंग: इस टीम की सीट लगभग कन्फर्म! भारत की उम्मीदें खत्म या पिक्चर अभी बाकी? समझें समीकरण