Analysis: संजू सैमसन के 82 रन भी नहीं दिलाएंगे राहत? ओपनिंग की रेस आगे होगी और खतरनाक, 2028 T20 WC से पहले ये 2 खिलाड़ी छीन सकते हैं कुर्सी
संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे T20I मैच में 41 गेंदों पर 82 रन बनाकर अपनी क्लास दिखाई और अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया.
भारत के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में ओपनिंग करते हुए 41 गेंद पर 82 रन ठोक दिए. संजू सैमसन ने 200 की स्ट्राइक रेट से गदर मचाया और अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के उड़ाए. हालांकि एक बड़ी पारी संजू सैमसन की ओपनिंग पोजीशन पक्की करने के लिए काफी नहीं है. संजू सैमसन में कंसिस्टेंसी की कमी है और टीम इंडिया में ओपनिंग पोजीशन को लेकर कॉम्पिटीशन बहुत तगड़ा है.
अगला टी20 वर्ल्ड कप साल 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की धरती पर खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर के महीने में हो सकता है. अगले दो साल में बहुत कुछ बदल सकता है. टी20 वर्ल्ड कप 2028 से पहले संजू सैमसन की ओपनिंग की कुर्सी को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल छीन सकते हैं. अब तो यशस्वी जायसवाल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अपनी जगह को पक्की करने के मकसद से अपने अंदर विकेटकीपिंग के टैलेंट को भी डेवलेप कर रहे हैं.
संजू सैमसन के T20I रिकॉर्ड्स
साल 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का आगाज करने वाले संजू सैमसन ने भारत के लिए अभी तक 74 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. संजू सैमसन ने इस दौरान 66 टी20 इंटरनेशनल पारियों में 27.21 की औसत और 157.64 की स्ट्राइक रेट से 1660 रन बनाए हैं. संजू सैमसन का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 111 रन है. संजू सैमसन ने 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 47 गेंद पर 111 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 11 चौके और 8 छक्के शामिल रहे थे. T20I में संजू सैमसन ने तीन सेंचुरी और दो हाफ सेंचुरी लगाई हैं. यह विकेटकीपर बल्लेबाज अभी तक इस फॉर्मेट में 98 छक्के जमा चुका है और वह छक्कों का शतक पूरा करने से केवल दो सिक्स दूर हैं.
संजू सैमसन पर वैभव सूर्यवंशी का दबाव
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस पांच मैचों की T20I सीरीज के तुरंत बाद 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड का दौरा शुरू होगा. हालांकि अभिषेक शर्मा की जगह फिलहाल सुरक्षित दिख रही है, लेकिन उनके ओपनिंग पार्टनर संजू सैमसन पर हर बार अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहता है. उन पर वैभव सूर्यवंशी का दबाव है, जिन्होंने हाल के महीनों में मिले हर मौके को भुनाया है.
यशस्वी जायसवाल भी बनेंगे खतरा
वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए अभी तक 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 246 रन बनाए हैं. वैभव सूर्यवंशी के नाम टी20 इंटरनेशनल में दो फिफ्टी है. यशस्वी जायसवाल भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ी हैं. यशस्वी जायसवाल अब अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स को भी बेहतर बना रहे हैं. यशस्वी जायसवाल ने 23 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 723 रन बनाए हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल ने एक शतक और 5 अर्धशतक ठोके हैं. यशस्वी जायसवाल इसके अलावा भारत के लिए 31 टेस्ट मैचों में 2612 रन बना चुके हैं. टेस्ट फॉर्मेट में यशस्वी जायसवाल ने 7 शतक और 13 अर्धशतक ठोके हैं. भारत के लिए 6 वनडे इंटरनेशनल मैचों में इस बल्लेबाज ने दो शतकों की मदद से अभी तक 285 रन बनाए हैं.