टीम इंडिया के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले के दौरान एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है. दरअसल, वेस्टइंडीज ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 247/3 का स्कोर बनाया. वेस्टइंडीज के 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया. संजू सैमसन ने महज 22 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 56 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान संजू सैमसन का स्ट्राइक रेट 243.48 का रहा है. संजू सैमसन ने इस मुकाबले के दौरान ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे कर लिये हैं.
संजू सैमसन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 'छक्कों का शतक' लगाने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बन गए हैं. संजू सैमसन ने इस उपलब्धि को हासिल करने के साथ ही रोहित शर्मा और विराट कोहली के एलीट क्लब में एंट्री कर ली है. संजू सैमसन से पहले भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा (205), सूर्यकुमार यादव (179), अभिषेक शर्मा (142), हार्दिक पंड्या (126) और विराट कोहली (124) जैसे दिग्गज 100 या उससे ज्यादा T20I छक्के जड़ने का आंकड़ा छू चुके हैं. संजू सैमसन के नाम अब इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 102 छक्के दर्ज हो चुके हैं. संजू सैमसन के लिए यह साल बहुत अच्छा रहा है.
1. रोहित शर्मा - 205 छक्के
2. सूर्यकुमार यादव - 179 छक्के
3. अभिषेक शर्मा - 142 छक्के
4. हार्दिक पांड्या - 126 छक्के
5. विराट कोहली - 124 छक्के
6. संजू सैमसन - 102 छक्के
संजू सैमसन ने 24 T20I मैचों में 29.86 की औसत और 178.44 के स्ट्राइक रेट से 687 रन बनाए हैं, जिसमें सात अर्धशतक शामिल हैं. संजू सैमसन का इस साल हाइएस्ट T20I स्कोर नाबाद 97 रन रहा है. संजू सैमसन ने यह पारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मैच में खेली थी और टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचाया था. संजू सैमसन ने इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दोनों मैचों में 89-89 रनों की पारी खेली थी. संजू सैमसन की इन पारियों की बदौलत भारत ने अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड मिला था. संजू सैमसन ने भारत के लिए अभी तक 76 T20I मैचों की 68 पारियों में 27.28 की औसत और 158.87 के स्ट्राइक रेट से 1719 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में संजू सैमसन ने भारतीय पारी के तीसरे ओवर में रोस्टन चेज की दूसरी गेंद पर लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्का लगाया. इसी छक्के के साथ भारत के कुल टी20 इंटरनेशनल छक्कों की संख्या 2000 तक पहुंच गई. भारतीय टीम ने यह उपलब्धि 297 मैचों में हासिल की है. इससे पहले वेस्टइंडीज यह मुकाम हासिल करने वाली पहली टीम बनी थी. वेस्टइंडीज ने अभी तक T20I में 2026 छक्के लगाए हैं. टॉप पांच टीमों में न्यूजीलैंड (1585), पाकिस्तान (1507) और साउथ अफ्रीका (1407) भी शामिल हैं.
1. वेस्टइंडीज -2026 छक्के
2. भारत - 2010 छक्के
3. न्यूजीलैंड -1585 छक्के
4. पाकिस्तान - 1507 छक्के
5. साउथ अफ्रीका - 1407 छक्के