काम कर गया श्रीलंका का प्लान, सेमीफाइनल में नहीं आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, शॉट गेंद के जाल में फिर फंसे
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भी वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से तूफान की उम्मीद थी, लेकिन वो 40 रन बनाकर आउट हो गए. श्रीलंका ए टीम उनके लिए जो प्लान बनाकर आई थी, वो काम आ गया. वैभव एक बार फिर शॉट गेंद पर पवेलियन लौट गए.
कहते हैं 'लालच बुरी बला है', लेकिन जब बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसा हो तो लालच आना लाजमी है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में 15 साल के युवा खिलाड़ी ने यूएई के खिलाफ पिछले मैच में 204 रनों की तूफानी और रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी. दोहा में बल्ले से धमाका करते हुए वैभव ने 28 छक्के उड़ाए थे. करोड़ों भारतीय फैंस ने उम्मीद जताई थी कि वो श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में भी इसी तरह की तूफानी पारी खेलेंगे, लेकिन वैभव 27 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हो गए.
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के गेंदबाज जनिथ लियानागे ने वैभव को शॉट गेंद के जाल में फंसा लिया. इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने वैभव सूर्यवंशी के लिए दो प्रमुख प्लान बनाए थे, 15 साल के युवा खिलाड़ी ने एक प्लान तो विफल कर दिया, लेकिन दूसरे में फंस गए.
शॉट गेंद बनी वैभव के लिए सिरदर्दी
जब कोई बल्लेबाज पिछले मैच में डबल सेंचुरी जड़े, तो उसकी कमजोरी के बारे में बात करना थोड़ी बेईमानी होगी, लेकिन वैभव अभी करियर के जिस मोड़ पर हैं, वहां हर मैच से उन्हें सिख लेने की जरूरत है. श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में वो जिस तरीके से आउट हुए, उसे देखकर ये चर्चा शुरू हो गई कि क्या शॉट गेंदें वैभव सूर्यवंशी के लिए सिरदर्दी बन चुकी है? ऐसा नहीं है कि वो पहली बार शरीर की तरफ फेंकी गई सटीक बाउंसर पर आउट हुए हैं. इससे पहले आईपीएल और डोमेस्टिक क्रिकेट में भी वो शॉट गेंद के जाल में फंसे हैं. सही मायने में कहें तो फिलहाल वैभव की सिर्फ एक ही कमजोरी सामने आई है, जिसपर उन्हें काम करने की जरूरत है. अगर शॉट गेंद को संभाल लिया तो उन्हें रोकना किसी भी टीम और गेंदबाज के लिए आसान नहीं होगा.
यूएई के गेंदबाजों से हुई थी गलती
यूएई के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों पर 28 छक्के सहित 204 रनों की करिश्माई पारी खेली थी. यूएई के किसी गेंदबाजों ने उनका इम्तिहान तेज तर्रार शॉट पिच गेंदों से नहीं लिया. यही वजह है कि वैभव छक्के उड़ाते रहे. बिहार के स्टार खिलाड़ी ने ऑफ स्पिन के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी में सुधार किया है, जो दिख भी रहा है, लेकिन शॉट गेंदों पर काम अभी भी बाकी है.
अभिषेक शर्मा ने बनाए 78 रन
श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी 40 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनके ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा ने 63 गेंदों पर 78 रनों की शानदार पारी खेली. अभिषेक से शतक की उम्मीद थी, लेकिन वो लाहिरू समराकून की गेंद पर कैच आउट हो गए.
ये भी पढ़ें: बेन स्टोक्स पर दांव लगा सकती हैं ये 3 टीमें, 2 को कप्तान की तलाश, बनेंगे मिनी ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी?