श्रीलंका को मिला नया टेस्ट कप्तान: 18 मैचों बाद ही धनंजय डी सिल्वा ने दिया इस्तीफा, अब किसे मिली टीम की कमान?
Sri Lanka New Test Captain: पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा. धनंजय डी सिल्वा ने अचानक ही टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी. कुसल मेंडिस को अब टीम की कमान मिली है.
Sri Lanka New Test Captain: श्रीलंका क्रिकेट में अचानक से उथल-पुथल मच गई है. पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले धनंजय डी सिल्वा ने कप्तानी छोड़ दी है. उनके स्थान पर कुसल मेंडिस को नया कप्तान बनाया गया है. वह अब तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान संभालेंगे. कुसल पहले से टी20 और वनडे टीम का नेतृत्व कर रहे थे. अब वह क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भी टीम की अगुआई करेंगे. उनके कार्यकाल की शुरुआत पाकिस्तान दौरे से होगी. वहां टीम को तीन टी20 मैचों के साथ-साथ दो टेस्ट मैच खेलने हैं.
श्रीलंका क्रिकेट ने गुरुवार को हुई बैठक के बाद मेंडिस को कप्तान बनाने का फैसला लिया है. वह अब तक 75 टेस्ट मैच खेल चुके हैं. इस दौरान मेंडिस के बल्ले से 4836 रन निकले हैं. उनका औसत 36.36 का रहा है. मेंडिस ने 10 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं. वह इसी साल मई में वनडे और टी20 कप्तान बने थे. उन्होंने वनडे में चरित असालंका और टी20 में दासुन शनाका की जगह ली थी.
धनंजय ने कप्तानी क्यों छोड़ी टेस्ट कप्तानी?
जनवरी 2024 से श्रीलंका की टेस्ट टीम की अगुवाई कर रहे धनंजय डी सिल्वा ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. चयन समिति को लिखे पत्र में उन्होंने कहा, ''मेरी यह स्पष्ट और व्यक्तिगत राय है कि कप्तानी की यह जिम्मेदारी अब अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए.''
बतौर खिलाड़ी खेलते रहेंगे धनंजय
कप्तानी से हटने के बाद भी ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा ने पुष्टि की है कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपलब्ध रहेंगे. श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डी सिल्वा ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा, ''श्रीलंका क्रिकेट उनके शेष करियर के लिए शुभकामनाएं देता है और टेस्ट टीम को प्रदान किए गए उनके नेतृत्व के लिए धन्यवाद व्यक्त करता है.''
कप्तान के रूप में कैसा रहा धनंजय का रिकॉर्ड?
धनंजय को जनवरी 2024 में दिमुथ करुणारत्ने की जगह टेस्ट कप्तान बनाया गया था. उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में श्रीलंका का नेतृत्व किया. इस दौरान टीम ने 7 मैचों में जीत हासिल की. कप्तानी के दौरान उन्होंने 36.45 की औसत से 1130 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में 2-13 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 9 विकेट भी चटकाए.
ये भी पढ़ें: रांची में कभी नहीं बने 200 रन: 3 साल पहले 177 रन के टारगेट को चेज नहीं कर पाई थी टीम इंडिया, भारत का यहां गजब रिकॉर्ड
श्रीलंका का पाकिस्तान दौरा
9 अक्टूबर- पहला टी20- रावलपिंडी
11 अक्टूबर- दूसरा टी20- रावलपिंडी
13 अक्टूबर- तीसरा टी20- रावलपिंडी
4 से 6 नवंबर- 3 दिवसीय वॉर्मअप मैच- इस्लामाबाद
9 ले 13 नवंबर- पहला टेस्ट- रावलपिंडी
17 से 21 नवंबर- दूसरा टेस्ट- लाहौर