)
महिला टी20 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का विजय अभियान जारी है. थाईलैंड को हराने के बाद हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने हांगकांग को 137 रनों से रौंद दिया. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया ये मुकाबला स्मृति मंधाना के लिए बेहद खास रहा. हांगकांग के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर का 18वां शतक जड़ा. इसके साथ ही मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने वाली खिलाड़ी बन गईं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महान बल्लेबाज मैग लैनिंग को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 17 शतक जड़े थे. 124 रनों की शानदार पारी के दौरान स्मृति मंधाना ने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज को भी पीछे छोड़ दिया. स्मृति अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं.
इन दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड के अलावा भी स्मृति मंधाना ने कई बड़े कारनामे किए. भारतीय क्रिकेट की 'क्वीन' कहे जाने वाली स्टार खिलाड़ी ने भारतीय क्रिकेट के 'किंग' यानी विराट कोहली के स्पेशल क्लब में एंट्री भी मार ली. जी हां, सितंबर, 2022 में विराट ने जो कारनामा किया था, उसे स्मृति मंधाना ने सितंबर, 2026 में दोहराया.
8 सितंबर, 2022 को पुरुष टी20 एशिया कप में विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में शानदार शतक जड़ा था. दुबई में कोहली ने 61 गेंदों पर 122 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. ये उनके T20I करियर का पहला और एकमात्र शतक भी था. विराट कोहली टी20 एशिया कप में सेंचुरी जड़ने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने थे.
4 साल बाद, उसी दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में स्मृति मंधाना ने विराट कोहली वाला कारनामा किया है. हांगकांग के खिलाफ शतक जड़कर उन्होंने इतिहास रच दिया. स्मृति टी20 एशिया कप में सेंचुरी जड़ने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं.
Number 1️⃣8️⃣ with her 1️⃣8️⃣th Hundred 😎
Vice-captain Smriti Mandhana topping the charts 💯#TeamIndia | #WomensAsiaCup | #INDvHK pic.twitter.com/amvoLOKuMl— BCCI Women (@BCCIWomen) September 3, 2026
भारतीय महिला क्रिकेट की 'क्वीन' और भारतीय पुरुष क्रिकेट के 'किंग' के बीच बहुत सारी समानताएं हैं. जी हां, विराट कोहली IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हैं, जबकि स्मृति मंधाना WPL में आरसीबी के लिए खेलती हैं. दोनों की जर्सी नंबर भी एक '18' है. आईपीएल में बेंगलुरु फैंस विराट कोहली पर जान लुटाते हैं, जबकि महिला प्रीमियर लीग में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में स्मृति मंधाना नाम का शोर मचता है.