भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एशियन गेम्स के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला. गोल्ड मेडल जीतने के बाद अनुभवी हरमनप्रीत कौर को कप्तानी से हटा दिया गया. हरमनप्रीत अब तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान नहीं संभाल रही हैं. उनकी जगह अनुभवी स्मृति मंधाना को कप्तान बनाया गया. मंधाना का चुना जाना हैरान करने वाला फैसला नहीं था, लेकिन टी20 में शेफाली वर्मा को उपकप्तानी सौंपना जरूर था. अब भारत की नई कैप्टन ने इस फैसले के पीछे के कारणों के बारे में खुलासा किया.
शेफाली को टी20 में और दीप्ति को वनडे में उपकप्तान बनाया गया. शेफाली को अनुभवी जेमिमा रोड्रिग्ज के ऊपर तरजीह दी गई. जेमिमा के पास 8 वर्षों का अनुभव है. वह महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान हैं. उन्होंने मेग लैनिंग की जगह यह जिम्मेदारी संभाली और अपने पहले ही सीजन में टीम को फाइनल तक पहुंचाया था. खुद को साबित करने के बावजूद उन्हें उपकप्तानी के योग्य नहीं समझा गया.
मंधाना ने शेफाली को लेकर क्या कहा?
भारत की नई कप्तान मंधाना ने बताया कि उन्होंने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर शेफाली को काफी नजदीक से देखा. वह विश्व स्तरीय गेंदबाजों पर हावी हो जाती है. इसे देखकर मंधाना को उनकी प्रतिभा का अंदाजा लगा. उन्हें यह भरोसा हो गया कि इस युवा बल्लेबाज में टीम के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की काफी क्षमता है.
जब शेफाली ने जीता सबका दिल
मंधाना ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, ''वह जब टीम में आई थी, उसी समय से मुझ लग रहा था कि इस बच्चे में कुछ न कुछ खास जरूर है. अपनी पहली सीरीजी में शेफाली ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर काफी दबाव बनाया था. हम सब उसे देखकर हैरान थे. सब यही सोच रहे थे कि क्या कमाल की खिलाड़ी है.''
बड़े मैचों की प्लेयर बनीं शेफाली
शेफाली ने पिछले 12 महीनों में बड़े मैचों के दौरान दबाव में आए बिना शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने महिला विश्व कप फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 87 रनों की अहम पारी खेली थी. इसके बाद गेंदबाजी में मारिजान कैप और सुने लुस का विकेट लेकर मैच को भारत के पक्ष में मोड़ दिया था. मंधाना ने कहा, ''पिछले 6 से 12 महीनों में उन्होंने बल्लेबाज के तौर जो जिम्मेदारी निभाई है वह अद्भुत है. उन्होंने पहले 6 ओवरों में तेजी से रन बनाने के साथ-साथ पारी को संभाला भी. एशिया कप और एशियन गेम्स में वह बेहतरीन थीं. उनकी उपलब्धियों को देखकर मुझे खुशी है कि हमदोनों मिलकर इस टीम को आगे लेकर जाएंगे.''