भारत के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने धनश्री वर्मा के साथ शादी टूटने के एक साल से अधिक समय के बाद एक सनसनीखेज बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वह तलाक होने के बाद शराब की लत और डिप्रेशन से जूझने लगे थे. धनश्री के साथ उनका तलाक 20 मार्च 2025 को हुआ था. उसके बाद चहल अकेले रह रहे हैं और उन्होंने दोबारा शादी नहीं की है. वह पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में खेलते हैं और उन्हें टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें हैं.
चहल ने अपने दिल के राज बताते हुए कहा कि उन्हें काफी दिनों तक घबराहट का सामना करना पड़ा. वह मानसिक रूप से परेशन हो गए थे और अधिक शराब पीने लगे थे. उन्हें जब इस बात का एहसास हुआ कि शराब पीने की आदत काफी ज्यादा बढ़ गई है तो उन्होंने इससे बाहर निकलने के लिए पेशेवर लोगों से मदद की. वह शराब छोड़ने के लिए रिहैब सेंटर गए थे.
शराब से कैसे दूर हुए चहल?
चहल ने भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट 'बैठ एंड बोल' में बताया कि शराब पीना उन्होंने आईपीएल के शुरुआती दिनों में शुरू किया था. तलाक के बाद उनकी यह आदत काफी ज्यादा बढ़ गई थी. चहल ने कहा कि रिहैब सेंटर में 26 दिनों तक रहने के बाद वह अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से संभालने लगे और खुद की जिंदगी पर नियंत्रण पा लिया.
रिहैब से वापसी के बाद क्या असर दिखा?
चहल ने शराब छोड़ने की प्रक्रिया को लेकर, ''जब मैं रिहैब सेंटर गया तो वहां 26 दिन तक रहा. मुझे अब यह पता है कि शराब पीने किस तरह का संयम रखना है और चीजें कैसे काम करती हैं. मेरी जिंदगी में इससे काफी ज्यादा बदलाव आया है और निजी जिंदगी की चीजों को अब पहले से बेहतर तरह मैं समझने लगा हूं. अब मेरी भावनाएं हर छोटी बात पर बाहर नहीं निकलती हैं और मैं उसे बेहतर तरीके से संभाल सकता हूं."
फिटनेस पर कैसा असर पड़ा?
चहल ने बताया कि शराब को छोड़ने के बाद उनकी फिटनेस पहले से ज्यादा बेहतर हुईं. वह शारीरिक रूप से फिटनेस वापस पाने और ट्रेनिंग करने पर ज्यादा देने लगे. हालांकि, कभी इसका असर उनके प्रदर्शन पर देखने को नहीं मिला, लेकिन निजी जिंदगी काफी ज्यादा प्रभावित हुई. वह आराम से बाहर जाते हैं और जिंदगी का आनंद लेते हैं. गोल्फ खेलते हैं और गो-कार्टिंग करते हैं. चहल के मुताबिक, वह अब पहले से बेहतर स्थिति में हैं.
डिविलियर्स की सलाह ने बदली जिंदगी
चहल ने कहा कि वह आईपीएल में आने के बाद शुरुआत में काफी ज्यादा पार्टियां करते थे. शादी तक सबकुछ ठीक था, लेकिन तलाक के बाद स्थितियां बदल गई थीं. उन्होंने 2011 में आईपीएल से जुड़ने के बाद तीन साल तक जमकर पार्टी की. इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स की सलाह ने उनकी जिंदगी बदल दी. दोनों लंबे समय तक आरसीबी में खेले और चहल काफी सफल हुए.