भारतीय महिला टीम और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज शुक्रवार (16 अक्टूबर) को शुरू होने वाली है. भारत की दिग्गज बल्लेबाज स्मृति मंधाना पूर्णकालिक कप्तान तौर पर अपने करियर को आगे बढ़ाने वाली हैं. उन्हें हरमनप्रीत कौर की जगह टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. वह इस सीरीज में इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब है. यह एक ऐसी उपलब्धि होगी, जिसे किसी भी महिला या पुरुष क्रिकेटर ने हासिल नहीं किया है.
मंधाना अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में 133 रन बना लेती हैं तो वह इंटरनेशनल टी20 में अपने 5 हजार रन पूरे कर लेंगी. वह ऐसा करने वाली दुनिया की पहली महिला या पुरुष क्रिकेटर होंगी. वह जिस तरह की फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए ऐसा लग रहा है कि भारतीय कप्तान आसानी से इस आंकड़े तक अगले तीन मैचों में पहुंच जाएंगी.
मंधाना का गजब रिकॉर्ड
मंधाना की बात करें तो वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. उन्होंने 2013 में डेब्यू किया था और उसके बाद से अब तक 179 मैचों में हिस्सा लिया है. इस दौरान मंधाना ने 172 पारियों में 4867 रन बनाए हैं. उनके नाम 2 शतक और 37 अर्धशतक हैं. उनके बाद न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स का नंबर आता है. बेट्स ने 2007 से 2026 तक 186 मैचों में 4758 रन बनाए. वह एक शतक और 28 अर्धशतक लगाने में सफल रहीं.
हरमनप्रीत भी 5000 रन की रेस में शामिल
स्मृति मंधाना के अलावा भारत की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 5 हजार रन बनाने की रेस में शामिल हैं. हालांकि, वह अभी 654 रन दूर हैं. हरमन ने 2009 से अब तक 210 टी20 मैच खेले हैं और इस दौरान 188 पारियों में 4346 रन बनाए हैं. उन्होंने एक शतक और 18 अर्धशतक लगाया. वह जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करके 5000 रन के और करीब पहुंच सकती हैं.
पुरुषों में कौन आगे?
अगर बात पुरुष क्रिकेटरों की करें तो पाकिस्तान के पूर्व टी20 कप्तान बाबर आजम के नाम सबसे ज्यादा रन दर्ज हैं. बाबर ने 145 टी20 मैचों में 4596 रन बनाए हैं. उनके नाम 3 शतक और 39 अर्धशतक हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने 163 मैचों में 4384 और भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 159 मैचों में 4231 रन बनाए हैं. टीम इंडिया के एक और पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम 125 मैचों में 4188 रन हैं. रोहित और विराट इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं. वहीं, बटलर और बाबर के पास अपने रिकॉर्ड को सुधारने का अभी भी मौका है.