)
टीम इंडिया की युवा ओपनर शेफाली वर्मा ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप टी20 2026 के मुकाबले में शेफाली वर्मा ने अपने 3000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए हैं. खास बात ये रही कि शेफाली वर्मा ने यह मुकाम सिर्फ 22 साल 220 दिन की उम्र में हासिल किया है. इसके साथ ही शेफाली वर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाली सबसे युवा क्रिकेटर बन गईं हैं.
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन बनाने वाली सबसे युवा क्रिकेटर बनने के मामले में शेफाली वर्मा ने आयरलैंड की क्रिकेटर गैबी लुईस का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. गैबी लुईस ने 24 साल 347 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी. शेफाली वर्मा ने उनसे करीब दो साल कम उम्र में यह कारनामा कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस लिस्ट में यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) की ईशा ओझा तीसरे स्थान पर हैं. ईशा ओझा ने 27 साल 139 दिन की उम्र में 3000 T20I रन पूरे किए थे. भारत की स्मृति मंधाना (27 साल 171 दिन) चौथे और वेस्टइंडीज की स्टार क्रिकेटर हेली मैथ्यूज (27 साल 347 दिन) पांचवें स्थान पर हैं.
1. शेफाली वर्मा (भारत) - 22 साल, 220 दिन
2. गैबी लुईस (आयरलैंड) - 24 साल, 347 दिन
3. ईशा ओझा (UAE) - 27 साल, 139 दिन
4. स्मृति मंधाना (भारत) - 27 साल, 171 दिन
5. हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज) - 27 साल, 347 दिन
शेफाली वर्मा महिला T20I में 3000 रन पूरा करने वाली सबसे तेज बल्लेबाज भी हैं. शेफाली वर्मा ने सिर्फ 2182 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया, जिससे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज क्रिकेटर एलिसा हीली के 2321 गेंदों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. शेफाली वर्मा ने साल 2019 में 15 साल की उम्र में भारत के लिए T20I डेब्यू किया था. शेफाली वर्मा अब हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बाद इस फॉर्मेट में 3000 रन पूरा करने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गई हैं. उनके करियर की पहचान आक्रामक बल्लेबाजी रही है, जिसने उन्हें महिला क्रिकेट में सबसे खतरनाक ओपनर्स में से एक बना दिया है. सिर्फ 22 साल की होने के बावजूद, उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर काफी अनुभव हासिल कर लिया है.
शेफाली वर्मा ने अपने आक्रामक अंदाज में यह मुकाम हासिल किया. उन्होंने सादिया इकबाल की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर भारत की पारी की शुरुआत की और फिर अगली गेंद पर एक रन लेकर अपने 3000 T20I रन पूरे किए. जब फातिमा सना गेंदबाजी करने आईं तो उन्होंने शेफाली वर्मा का विकेट ले लिया. शेफाली वर्मा ने 6 गेंदों पर 12 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. इससे पहले पाकिस्तान की टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जो महिला T20I में उनका अब तक का सबसे कम स्कोर है. इसके बाद भारत ने यह मैच 68 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत लिया.