फंस गए कंगारू: साउथ अफ्रीका ने 56 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में दिया फॉलोऑन, 2005 के बाद विदेश में शर्मसार
ऑस्ट्रेलिया की टीम को साउथ अफ्रीका ने गकेबराह में खेले जा रहे टेस्ट मैच में फॉलोऑन दिया है. कंगारू टीम पहली पारी में 100 रन भी नहीं बना पाई और उसे विदेशी जमीन पर 2005 के बाद फॉलोऑन का सामना करना पड़ा.
साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद जोरदार वापसी की है. उसने गकेबराह में चल रहे दूसरे टेस्ट में कंगारू टीम को फॉलोऑन के लिए मजबूर कर दिया. मेजबान टीम ने पहली पारी में 425/9 का स्कोर खड़ा किया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 99 रन पर आउट कर दिया. कंगारू टीम को 56 साल के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ फॉलोऑन खेलना पड़ा है. पिछली बार 1970 में ऐसा हुआ था. तब डरबन में अफ्रीकी टीम ने जीत हासिल की थी.
फॉलोऑन में साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड शानदार है. उसने फॉलोऑन वाले पिछले 32 टेस्ट मैचों में से 27 में जीत हासिल की है. पांच मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं. इसका मतलब है कि साउथ अफ्रीका इस दौरान एक भी मैच में नहीं हारा. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन वाले 40 टेस्ट मैचों में से 29 में हार का सामना किया है और 11 में ड्रॉ खेला है.
साउथ अफ्रीका का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फॉलोऑन रिकॉर्ड
1902- जोहान्सबर्ग- मैच ड्रॉ
1967- डरबन- मैच जीता
1970- डरबन- मैच जीता
2026- गकेबरहा- नतीजा बाकी
भारत ने पिछली बार दिया था फॉलोऑन
ऑस्ट्रेलिया की टीम को पिछली बार भारत के खिलाफ फॉलोऑन का सामना करना पड़ा था. 2019 में सिडनी टेस्ट में भारत ने 322 रन की बढ़त हासिल करके उसे फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया था. वह मैच ड्रॉ हुआ था. उसके बाद से अब कंगारू टीम के साथ ऐसी नौबत आई है. अगर विदेशी धरती पर उसके रिकॉर्ड को देखें तो 2005 के बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ ऐसा हुआ है. पिछली बार 21 साल पहले इंग्लैंड ने ट्रेंटब्रिज टेस्ट में 259 रन की बढ़त लेकर उसे फॉलोऑन खेलने के लिए बुलाया था. इस मुकाबलें में इंग्लिश टीम जीती थी.
साउथ अफ्रीका द्वारा ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी में सबसे बड़ी बढ़त का रिकॉर्ड
465 रन, डरबन, 1970 (जीता)
442 रन, केप टाउन, 2009 (जीता)
326 रन, गक्वेबरहा, 2026 (नतीजा बाकी)
267 रन, जोहान्सबर्ग, 2018 (जीता)
250 रन, एडिलेड, 1964 (जीता)
ये भी पढ़ें: वापसी में रबाडा का धमाका: 155 KMPH की स्पीड से फेंकी 'रॉकेट' गेंद, तोड़ा डेल स्टेन का बड़ा रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक बैटिंग
ऑस्ट्रेलिया की टीम चौथी बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रन तक नहीं पहुंच पाई. उसके लिए इस मैच की पहली पारी में स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए. मार्नस लाबुशेन और ट्रैविस हेड ने 14-14 रनों का योगदान दिया. जुलाई 2023 से लेकर अब तक लाबुशेन लगातार 13 टेस्ट पारियों में बिना अर्धशतक और 46 पारियों में बिना शतक के खेल चुके हैं. दूसरी ओर, स्टीव स्मिथ साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले नौवें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए. इंग्लैंड (3703), इंडिया (2356) और पाकिस्तान (1175) के बाद यह उनकी चौथी विरोधी टीम है, जिसके खिलाफ वह 1000 या उससे अधिक रन बना चुके हैं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का एक पारी में सबसे कम स्कोर
47 रन- केपटाउन, 2011 (मैच की तीसरी पारी)
75 रन- डरबन, 1950 (मैच की दूसरी पारी)
85 रन- होबार्ट, 2016 (मैच की पहली पारी)
99 रन- गकेबरहा, 2026 (मैच की दूसरी पारी)
107 रन- केपटाउन, 2018 (मैच की चौथी पारी).