ऋषभ पंत की वापसी पर 'ग्रहण', न्यूजीलैंड जाने से पहले फिटनेस टेस्ट में फेल, अब क्या होगा?
भारत के स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत अब तक फिट नहीं हो पाए हैं. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अभी तैयार नहीं हैं और उन्हें दौरे पर जाने से पहले फिटनेस टेस्ट को पास करना होगा.
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने चोट से परेशान हैं और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज पहले अब तक फिट नहीं हो पाए हैं. पंत ने फिटनेस टेस्ट तो दिया है, लेकिन वह उड़ान भरने के लिए हरी झंडी नहीं हासिल कर पाए हैं. पंत बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पिछले 10 दिनों से हैं. वह रविवार (1 नवंबर) को फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हो पाए. अब उन्हें इसे साबित करने के लिए एक और मौका दिया जाएगा. अगर वह उसमें पास हो पाते हैं तो दो टेस्ट मैच के लिए न्यूजीलैंड जा सकते हैं.
ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते हुए पंत को चोट लगी थी. उन्हें 'साइड स्ट्रेन' की समस्या हुई थी. 'क्रिकइंफो' की रिपोर्ट के मुताबिक, पंत न्यूजीलैंड जाने की मंजूरी मिलने से पहले एक बार फिर से फिटनेस टेस्ट देंगे. जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि वह फिट हैं या नहीं. अगर वह फिट हो पाते हैं तो न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ तीसरे मल्टी-डे मैच के लिए इंडिया 'ए' टीम से जुड़ सकते हैं. यह मुकाबला लिंकन में सात नवंबर को शुरू होगा.
पंत की जगह कुमार कुशाग्र को मौका
पंत को पहले ही इंडिया 'ए' की इस टीम में शामिल किया गया था. टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर तीन चार दिवसीय मैच खेलने थे. भारत को दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है और उसी को मद्देनजर रखते हुए इंडिया 'ए' के ये मैच खास हैं. पंत का सीरीज में खेलना पहले से ही फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था. रिकवरी के चलते वह शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाए थे. उनकी जगह टीम में कुमार कुशाग्र को रखा गया है. हालांकि, ध्रुव जुरेल के होने के कारण कुमार कुशाग्र को अब तक खेलने का मौका नहीं मिला है.
ये भी पढ़ें: हर्ष दुबे ने बरपाया कहर: एक पारी में नौ विकेट लेकर रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास, 10वां शिकार किसने किया?
बुमराह न्यूजीलैंड रवाना
न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर को होगी. पंत को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए चुना गया है. दूसरी ओर, दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिटनेस टेस्ट पास करके न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं. वह न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ तीसरे मल्टी-डे मैच में खेल सकते हैं. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे. यहां तक कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टी20 और वनडे सीरीज में वह टीम का हिस्सा नहीं थे.