)
रणजी ट्रॉफी में सोमवार (2 नवंबर) को कुछ ऐसा देखने को मिला, जिस पर किसी को भरोसा नहीं हो पा रहा है. विदर्भ के कप्तान हर्ष दुबे ने मध्य प्रदेश के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में उन्होंने 23.1 ओवर में 53 रन देकर नौ विकेट अपने नाम कर लिए. हर्ष दुबे का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था. रणजी ट्रॉफी में विदर्भ के लिए किसी गेंदबाज का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. अपनी गेंदबाजी के दौरान उन्होंने चार मेडन ओवर भी किए. वह 10वां विकेट नहीं ले पाए. इसे नचिकेत भूटे ने झटका. हर्ष की दमदार गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने मध्य प्रदेश की टीम को पहली पारी में 209 रनों पर समेट दिया.
हर्ष ने रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में 69 विकेट हासिल किए थे. उन्होंने बल्लेबाजी में कमाल करते हुए भी 476 रन बनाए थे. इसके बाद उन्हें मई 2026 में भारतीय टीम में बुलाया गया था. उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए चुना गया था. उन्होंने 13 जून को वनडे में डेब्यू भी किया था. वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं.
Harsh Dubey just registered figures of 9-53 against Madhya Pradesh in the Ranji Trophy🇮🇳 https://t.co/JZR9Uk64x8
— The Bharat Army (@thebharatarmy) November 2, 2026
हर्ष ने रजत पाटीदार का भी शिकार किया
मध्य प्रदेश के खिलाफ हर्ष ने अपने स्पेन की शुरुआत सक्षम पुरोहित (21) और चंचल राठौर (13) को आउट करके की. हर्ष ने इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार का शिकार कर लिया. रजत दो रन ही बना पाए. शुभमन शर्मा ने 16 रन बनाए. सारांश जैन 41 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 34 रन बनाने में सफल रहे, लेकिन हर्ष ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया. इसके बाद उन्होंने अरशद खान (12) और कुमार कार्तिकेय (7 रन) को भी आउट कर दिया.
अथर्व महाजन ने बनाए सबसे ज्यादा रन
मध्य प्रदेश के लिए अथर्व महाजन ने 123 गेंदों पर सबसे ज्यादा 85 रन बनाए. उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए. वह अर्धशतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे. हर्ष ने ही अंत में उनकी पारी का अंत किया. रवि किरण उनके आखिरी शिकार थे. मध्य प्रदेश को पहला झटका ओपनर यश दुबे के रूप में लगा. यश (पांच रन) को नचिकेत भूटे ने आउट किया था. इसके बाद सभी नौ विकेट हर्ष दुबे ने अपने नाम कर लिए.