App

विराट के आगे दुनिया नतमस्तक! शास्त्री ने बताया व्हाइट-बॉल का बादशाह, टेस्ट क्रिकेट छोड़ने पर कही दिल छू लेने वाली बात

विराट कोहली की ऑकलैंड में तूफानी पारी देखकर रवि शास्त्री ने उन्हें दुनिया का सबसे महान व्हाइट बॉल क्रिकेटर बताया है. साथ ही टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर भी बड़ा बयान दिया है.

विराट के आगे दुनिया नतमस्तक! शास्त्री ने बताया व्हाइट-बॉल का बादशाह, टेस्ट क्रिकेट छोड़ने पर कही दिल छू लेने वाली बात
Image Credit: Ravi Shastri And Virat Kohli

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच और कप्तान रवि शास्त्री ने एक बार फिर डंके की चोट पर कहा है कि विराट कोहली लिमिटेड ओवरों की क्रिकेट के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं. ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले ODI मैच में विराट कोहली ने जिस बेफिक्र और दबंग अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने रवि शास्त्री को एक बार फिर उनका मुरीद बना दिया. रवि शास्त्री का मानना है कि विराट कोहली की फिटनेस और खेल के प्रति उनकी निरंतरता आज भी ऐसी है कि वह जब चाहें टेस्ट क्रिकेट में भी धमाल मचा सकते हैं.

ऑकलैंड में जहां अन्य भारतीय बल्लेबाजों को उछाल और स्विंग से जूझना पड़ रहा था, वहीं विराट कोहली एक अलग ही पिच पर बल्लेबाजी करते दिखे. कीवी तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर भारत को 186 रनों का लक्ष्य मिला था. रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की. विराट कोहली ने महज 51 गेंदों पर 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की आतिशी पारी खेली और न्यूजीलैंड के अटैक की धज्जियां उड़ा दीं.

विराट के आगे दुनिया नतमस्तक!

सोनी स्पोर्ट्स से बातचीत में रवि शास्त्री ने कहा, 'मुझे लगता है कि इन परिस्थितियों में यह उनकी अब तक की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी है. इस तरह की पिच पर, बिना कोई गलती किए, इतनी सहजता और आत्मविश्वास के साथ खेलना आसान नहीं होता. अगर मैं कहूं तो, पिछले सात, आठ या दस सालों में उन्होंने जितनी भी पारियां खेली हैं, उनमें से यह सबसे बेहतरीन पारियों में से एक है. उन्होंने यहां बल्लेबाजी को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया. बाकी सभी खिलाड़ियों के लिए यह पिच बिल्कुल अलग थी, और यही तो महान खिलाड़ियों की खासियत होती है. वे शायद अब तक के सबसे महान 'व्हाइट-बॉल' खिलाड़ी हैं.'

शास्त्री ने बताया व्हाइट-बॉल का बादशाह

रवि शास्त्री ने कहा, 'जब आप विराट कोहली के आंकड़े देखते हैं, तो उन्होंने न जाने कितने रन बनाए हैं, कितनी तेजी से बनाए हैं, कितने शतक लगाए हैं, और लक्ष्य का पीछा करते हुए कितने मैच जिताए हैं और फिर जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, तो वह एक क्लासिक बल्लेबाज लगते हैं.' न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मैच में विराट कोहली की शुरुआत बहुत सहज नहीं रही. काइल जैमीसन ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए अतिरिक्त उछाल हासिल किया और भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं. विराट कोहली ने भी शुरुआत में तेजी दिखाने के बजाय परिस्थितियों को समझने पर ध्यान दिया.

विराट कोहली की आक्रामक बल्लेबाजी

भारत की पारी के दौरान दूसरी बार बारिश आने से खेल रुका, तब तक विराट कोहली 27 गेंदों पर 29 रन बना चुके थे, लेकिन खेल फिर से शुरू होने पर उन्होंने अपनी लय पकड़ ली, 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला बोलना शुरू कर दिया. उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी का सबसे ज्यादा असर ब्लेयर टिकनेर पर पड़ा. विराट कोहली पहले ही इस कीवी तेज गेंदबाज की गेंद पर पुल शॉट खेलकर छक्का जड़ चुके थे, लेकिन टिकनेर के अगले ओवर में लगातार आई शॉर्ट गेंदों पर उन्होंने जिस तरह से जवाब दिया, वह देखने लायक था. उन्होंने तीनों शॉर्ट गेंदों को बाउंड्री के पार भेजा और हर गेंद की ऊंचाई और दिशा के हिसाब से अपने शॉट्स को एडजस्ट किया.

विकेटों के बीच अच्छी दौड़ लगाते हैं विराट कोहली

शास्त्री ने बताया कि विराट कोहली की सही मौके को पहचानने की क्षमता और विकेटों के बीच उनकी दौड़, गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखती है. शास्त्री ने कहा, 'वह ओवर की पहली या दूसरी गेंद को निशाना बनाते हैं, जैसा कि हमने आज कई बार देखा और फिर स्ट्राइक रोटेट कर देते हैं. वह विकेटों के बीच इतने बेहतरीन दौड़ने वाले बल्लेबाज हैं कि गेंदबाज पर हमेशा दबाव बना रहता है. गेंदबाज को विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करने के लिए बहुत ज्यादा गेंदें नहीं मिल पातीं. ऐसा नहीं है कि उसे पूरे ओवर में 5 या 6 गेंदें फेंकने को मिलें. विराट कोहली एक-दो बाउंड्री लगाते हैं, स्ट्राइक बदल लेते हैं और दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज को मौका दे देते हैं. बस यही है.'

विराट के टेस्ट संन्यास पर शास्त्री ने क्या कहा? 

टेस्ट क्रिकेट से विराट कोहली के संन्यास लेने के फैसले और उसके कुछ ही दिनों बाद रोहित शर्मा के संन्यास लेने से भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत हो गया. हालांकि, रवि शास्त्री का मानना ​​है कि विराट कोहली में अभी भी टेस्ट क्रिकेट के हाइएस्ट लेवल पर खेलने के लिए फिटनेस और टैलेंट मौजूद है. रवि शास्त्री ने कहा, 'आप किसी भी इंटरनेशनल खिलाड़ी या टॉप खिलाड़ी से पूछें, तो वे यही कहेंगे कि 'हम चाहते हैं कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलें'. इसमें कोई शक नहीं है. वह अभी भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे, क्योंकि उनकी फिटनेस इतनी शानदार है कि वह सब कुछ बहुत आसान बना देते हैं. ऐसा नहीं है कि उन्हें इसके लिए कोई अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, यह बस उनकी 'मसल मेमोरी' और काम के प्रति उनके समर्पण का नतीजा है. यह वाकई खास है.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More