इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू बना आफत, PCB ने निकाला बदला, एथरटन-नासिर को अचानक किया बाहर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ODI ट्राई सीरीज के लिए कमेंट्री पैनल का ऐलान किया है. PCB ने इस कमेंट्री पैनल में माइकल एथरटन और नासिर हुसैन को जगह नहीं दी है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ी चाल चलते हुए इंग्लैंड के दो पूर्व क्रिकेटरों को अपने कमेंट्री पैनल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. एक इंटरव्यू की वजह से यह पूरा विवाद खड़ा हो गया है. बता दें कि पाकिस्तान की मेजबानी में इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 18 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक ODI ट्राई-सीरीज खेली जाएगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस ODI ट्राई-सीरीज से पहले अपने छह सदस्यीय कमेंट्री पैनल की घोषणा की है. हैरानी की बात तब हुई जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर्स और मशहूर इंग्लिश कमेंटेटर्स माइकल एथरटन और नासिर हुसैन को इस कमेंट्री पैनल से बाहर रखा.
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने माइकल एथरटन और नासिर हुसैन से अपना दो महीने पुराना बदला निकाला है. अगस्त 2026 में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान माइकल एथरटन और नासिर हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स चैनल पर जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज कप्तान इमरान खान के बेटों, कासिम और सुलेमान खान का इंटरव्यू लिया था. पाकिस्तान की सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को यह बिल्कुल भी पसंद नहीं आया था. उस बात का गुस्सा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब जाकर निकाला है. हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने माइकल एथरटन और नासिर हुसैन को बाहर करने पर कोई सफाई भी नहीं दी है.
इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू बना आफत
माइकल एथरटन और नासिर हुसैन द्वारा लिए गए और 'स्काई स्पोर्ट्स' पर प्रसारित इमरान खान के बेटों के इस इंटरव्यू में 18 मिनट तक चर्चा हुई, जिसमें जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई गई. कासिम और सुलेमान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की जेल में अधिकारी इमरान खान को अलग-थलग रखकर साफ तौर पर उनकी जान लेने की कोशिश कर रहे हैं. इस प्रसारण पर PCB ने कड़ी प्रतिक्रिया भी दी थी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस सेगमेंट को 'राजनीतिक' करार देते हुए इस पर आपत्ति जताई और 'स्काई स्पोर्ट्स' के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी.
एथरटन-नासिर को अचानक किया बाहर
हालात इतने गंभीर हो गए कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने खिलाड़ियों के मैदान से बाहर चले जाने की धमकी दी. विरोध जताने के लिए पाकिस्तान ने दोपहर के सेशन में मैदान पर न उतरने पर भी विचार किया. दबाव के बावजूद स्काई स्पोर्ट्स ने इंटरव्यू प्रसारित किया, हालांकि पाकिस्तान के सरकारी ब्रॉडकास्टर पीटीवी ने इस हिस्से को सेंसर कर दिया. बाद में एथरटन ने हुसैन के साथ एक पॉडकास्ट में इस विवाद पर बात की. उन्होंने अपना बचाव करते हुए कहा कि पाकिस्तानी प्रशासन 'इमरान को लगभग पूरी तरह से मिटा देने' की कोशिश कर रहा है. पाकिस्तान की मेजबानी में इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाली ODI ट्राई-सीरीज के लिए कमेंट्री पैनल में वकार यूनिस, आमिर सोहेल, बाजिद खान और उरूज मुमताज शामिल हैं. इनके साथ श्रीलंका के रोशन अबेसिंघे और इंग्लैंड के मार्क बुचर भी होंगे.