)
पाकिस्तान ने अपने घरेलू मैदान पर वनडे ट्राई सीरीज जीतकर बड़ी सफलता हासिल की है. वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को देखते हुए शाहीन अफरीदी की टीम ने इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपना हौसला बढ़ाया है. लाहौर में 31 अक्टूबर को खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराया. इस जीत के बाद जश्न मना रही शाहीन की टीम पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बड़ा एक्शन लिया है. उसका हंटर इस टीम पर चला है और बड़ा जुर्माना लगाया गया है.
आईसीसी ने पाकिस्तानी टीम पर धीमी ओवर रेट के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है. मैच रेफरी जेफ क्रो ने टाइम अलाउंस को ध्यान में रखते हुए पाया कि मेजबान टीम एक ओवर कम फेंक रही थी. आईसीसी ने अपना बयान भी जारी किया और कहा, ''यह उल्लंघन आईसीसी के प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार था. यह मिनिमम ओवर रेट अपराधों से संबंधित है. प्लेयर्स पर उनकी टीम द्वारा तय समय में हर ओवर कम फेंकने पर उनकी मैच फीस का पांच परसेंट जुर्माना लगाया जाता है.''
Pakistan have been penalised for a slow over-rate in their ODI tri-series final victory over Sri Lanka 👇 https://t.co/Rzqm7yj9S1
— ICC (@ICC) November 2, 2026
अफरीदी ने मान ली गलती
मैदानी अंपायर अहसान रजा और वेन नाइट्स, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्रे शाहिद और चौथे अंपायर राशिद रियाज ने पाकिस्तानी टीम पर आरोप लगाए. आईसीसी ने अपने बयान में आगे कहा कि पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने धीमी ओवर रेट की गलती मान ली है और प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया.
श्रीलंका ने बनाए थे 325 रन
श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 325 रनों का बड़ा स्कोर बनाया. उसके लिए कामिंदु मेंडिस ने 131 और पवन रतनायके ने 77 रनों का योगदान दिया. पाकिस्तान ने 326 रन के टारगेट को फखर जमान के शतक और साद बेग के अर्धशतक की मदद से हासिल कर लिया. फखर ने 99 गेंद पर 127 रन बनाए. यह उनका 12वां वनडे शतक है. साद बेद ने 75 गेंद पर 74 रन का योगदान दिया.
बाबर आजम फिर से फेल
पूर्व कप्तान बाबर आजम का बल्ला फाइनल मैच में भी नहीं चला. उन्होंने पांच गेंदों का सामना किया, लेकिन खाता नहीं खोल पाए. बाबर ने पिछले तीन साल में सिर्फ एक इंटरनेशनल शतक लगाया है. वह नौ नवंबर से श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम की कप्तानी करेंगे. पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने बाबर को घरेलू टूर्नामेंट में खेलने की जगह ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड में जाकर अपनी तकनीक पर काम करने की सलाह दी है.