एशिया कप 2027: यूएई को हराकर नेपाल ने किया क्वालिफाई, पिछली बार चूके थे, भारत-पाकिस्तान सहित ये 6 टीमें लेंगी हिस्सा
Asia Cup 2027: नेपाल क्रिकेट टीम ने अगले साल होने वाले एशिया कप 2027 का टिकट कटवा लिया है. ACC मेंस प्रीमियर कप के फाइनल ने नेपाल ने यूएई को 44 रन से हरा दिया. ओपनर आसिफ शेख ने शानदार शतक जड़ा और जीत के हीरो बने. एशिया कप 2027 का आयोजन बांग्लादेश में होगा.
Asia Cup 2027: नेपाल क्रिकेट टीम ने अगले साल होने वाले एशिया कप 2027 में अपनी सीट कन्फर्म कर ली है. शनिवार (12 सितंबर) को ACC मेंस प्रीमियर कप के फाइनल ने नेपाल ने यूएई को 44 रन से हराकर एशिया कप का टिकट कटवाया. इसके साथ ही 2027 में होने वाले इस प्रतियोतिगा में शामिल होने वाली सभी 6 टीमों का पता चल चुका है. एशिया कप 2027 में नेपाल के अलावा भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी. अगले साल 50-ओवर वर्ल्ड कप का आयोजन भी होना है. इसी वजह से एशिया कप भी 50-ओवर फॉर्मेट में खेला जाएगा.
नेपाल क्रिकेट टीम ने दूसरी बार एशिया कप का टिकट कटवाया है. हालांकि, पिछली बार वो इस टूर्नामेंट में खेलने से चूक गए थे. शनिवार को यूएई के खिलाफ हुए मेंस प्रीमियर कप के फाइनल में ओपनर आसिफ शेख ने शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
नेपाल ने कटवाया एशिया कप 2027 का टिकट
कुआलालंपुर के बायुमास ओवल ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रनों का स्कोर खड़ा किया. विकेट कीपर बल्लेबाज आसिफ शेख ने 106 गेंदों पर 102 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े. मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज गुलशन झा ने भी 38 गेंदों पर 52 रनों की अहम पारी खेली.
इसके जवाब में यूएई की टीम 49.1 ओवरों में 269 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. राहुल चोपड़ा ने शतक जड़कर टीम को मैच में बनाए रखा, लेकिन उनकी इस पारी पर पानी फिर गया. 314 रनों का पीछा करते हुए यूएई ने 119 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए. इसके बाद राहुल चोपड़ा और शोएब खान के बीच 87 रनों की अच्छी पार्टनरशिप हुई. हालांकि, शोएब 52 रन बनाकर आउट हो गए और उसके बाद यूएई के लिए टारगेट और मुश्किल हो गया. आखिरकार नेपाल ने 44 रनों से बाजी मार ली.
एशिया कप 2027 में हिस्सा लेंगी ये 6 टीमें
भारत
पाकिस्तान
श्रीलंका
बांग्लादेश
अफगानिस्तान
नेपाल
बांग्लादेश में होगा आयोजन
एशिया कप 2027 का आयोजन अगले साल बांग्लादेश में होगा. ये टूर्नामेंट 50-ओवर फॉर्मेट में खेला जाएगा. मेगा इवेंट का आयोजन 18 जून से लेकर 4 जुलाई तक हो सकता है. हालांकि, कार्यक्रम पर आधिकारिक रूप से मुहर लगना बाकी है.
एशिया कप का इतिहास
एशिया कप का आयोजन पहली बार 1984 में हुआ था. 2016 में पहली बार इस टूर्नामेंट को T20I फॉर्मेट में खेला गया. उसके बाद से वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एशिया कप के फॉर्मेट का फैसला होता है. 2025 में हुए पिछले एडिशन में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था. एशिया कप पर भारत का दबदबा रहा है. 'मेन इन ब्लू' ने सबसे ज्यादा 9 बार खिताब पर कब्जा किया है. श्रीलंका के खाते में 6 और पाकिस्तान की झोली में 2 एशिया कप ट्रॉफी है.