App

कौन हैं पंजाब के विस्फोटक बल्लेबाज नमन धीर? भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में किया डेब्यू, शुभमन गिल ने सौंपी वनडे कैप

नमन धीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया है. यह उनके इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का पहला मैच है. मुंबई इंडियंस के इस स्टार बल्लेबाज को कप्तान शुभमन गिल ने टीम इंडिया की कैप सौंपी है.

कौन हैं पंजाब के विस्फोटक बल्लेबाज नमन धीर? भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में किया डेब्यू, शुभमन गिल ने सौंपी वनडे कैप
Image Credit: Naman Dhir

पंजाब के 26 साल के विस्फोटक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज नमन धीर ने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर लिया है. नमन धीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम के मैदान पर पहले वनडे मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है. टॉस से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने नमन धीर को टीम इंडिया की कैप सौंपी है. मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले नमन धीर के लिए यह बेहद खास पल रहा. अब वह भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सफर शुरू कर चुके हैं.

नमन धीर को इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया था. टीम में जगह मिलने के बाद उन्हें सीरीज के पहले ही मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में उतार दिया गया है.भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू से पहले नमन धीर ने 14 लिस्ट-ए मैचों की 11 पारियों में 351 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने 7 विकेट भी अपने नाम किए. नमन धीर ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका बेस्ट स्कोर 97 रन है.

नमन धीर का फर्स्ट-क्लास और टी20 रिकॉर्ड

नमन धीर के पास घरेलू क्रिकेट का भी अच्छा अनुभव है. उन्होंने पंजाब, इंडिया ए और मुंबई इंडियंस के लिए कुल 20 फर्स्ट-क्लास और 61 टी20 मैच खेले हैं. इससे उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिला है. नमन धीर 2024 सीजन से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. आईपीएल में अब तक वह 37 मैचों में 710 रन बना चुके हैं. 2026 के आईपीएल सीजन में उन्होंने मुंबई के लिए सभी 14 मुकाबले खेले और 318 रन बनाए.

शेरे-ए-पंजाब लीग में किया था कमाल

भारत की वनडे टीम में सेलेक्शन से पहले नमन धीर का बल्ला शेरे-ए-पंजाब टी20 लीग में जमकर चला. टूर्नामेंट के पहले एडिशन में अमृतसर सूरमाज के लिए खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में 655 रन बनाए थे. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 72.78 और स्ट्राइक रेट 217.61 रहा. 

टी20 में ठोके थे 64 गेंद पर 173 रन

नमन धीर ने 8 सितंबर 2026 को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में मोहाली किंग्स के खिलाफ सिर्फ 64 गेंदों पर 173 रन ठोक दिए थे. बता दें कि नमन धीर के डेब्यू मैच में भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. पहले वनडे के लिए भारतीय टीम में चार स्पेशलिस्ट गेंदबाज और दो ऑलराउंडर शामिल किए गए हैं. कुलदीप यादव की भी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है. इसके अलावा रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़ और नीतीश कुमार रेड्डी को भी टीम में जगह मिली है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More