टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं और रविवार (27 सितंबर) को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे मैच उनके लिए यादगार साबित हो सकता है. विराट कोहली के पास इस मुकाबले में सिर्फ रन बनाने का मौका नहीं होगा, बल्कि वह एक साथ कई बड़े ODI रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं. विराट कोहली अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को तिरुवनंतपुरम में होने वाले पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में 133 रन बना लेते हैं, तो वह घरेलू धरती पर खेले गए वनडे इंटरनेशनल मैचों में 7000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
विराट कोहली ने अभी तक भारत की धरती खेले गए 130 वनडे मैचों में 6,867 रन बनाए हैं. घरेलू वनडे मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम पर दर्ज है. सचिन तेंदुलकर ने भारत में 164 वनडे मैच खेलते हुए 6,976 रन बनाए थे. विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से आगे निकलने के लिए अब सिर्फ 110 रन की जरूरत है. अगर विराट कोहली पहले ODI मैच में 133 रन बना लेते हैं, तो वह घरेलू वनडे क्रिकेट में 7,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
तिरुवनंतपुरम में रविवार को प्लेइंग-XI में शामिल होते ही विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन जाएंगे. फिलहाल वह मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ बराबरी पर हैं. दोनों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43-43 वनडे खेले हैं. विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 वनडे में 2,261 रन बनाए हैं और इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं.
1. सचिन तेंदुलकर - 164 मैचों में 6976 रन
2. विराट कोहली - 130 मैचों में 6867 रन
3. रिकी पोंटिंग - 153 मैचों में 5406 रन
4. रोहित शर्मा - 103 मैचों में 5217 रन
5. जैक कैलिस - 142 मैचों में 5178 रन
विराट कोहली के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड छूने का मौका है. उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ तीनों फॉर्मेट मिलाकर अब तक 3,850 रन बनाए हैं. अगर विराट कोहली पहले वनडे मैच में 150 रन बना लेते हैं, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके 4000 रन पूरे हो जाएंगे. अब तक सिर्फ जैक कैलिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 4000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं.
विराट कोहली फिलहाल मेंस ODI क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 314 ODI मैचों की 302 पारियों में 14,941 रन दर्ज हैं. ऐसे में अगर कोहली पहले ODI में कम से कम 59 रन बना लेते हैं, तो वह ODI क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे. उनसे पहले यह उपलब्धि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने हासिल की थी. सचिन तेंदुलकर ODI क्रिकेट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 1989 से 2012 के बीच भारत के लिए 463 वनडे मैचों में 18,426 रन बनाए थे.