)
भारत की महिला क्रिकेट टीम अगर 2026 एशिया कप टी20 की ट्रॉफी पर कब्जा करती है, तो मैदान पर शानदार जीत के बाद एक और सवाल चर्चा का मुद्दा बन सकता है. क्या इस बार भी ट्रॉफी को लेकर कोई नया विवाद खड़ा होगा? दरअसल, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 13 सितंबर को दुबई में होने वाले फाइनल में शामिल हो सकते हैं. ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की टीम चैंपियन बनती है, तो क्या वह प्रेजेंटेशन सेरेमनी में मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेगी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक 13 सितंबर को होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में मोहसिन नकवी चीफ गेस्ट हो सकते हैं और विजेता टीम को ट्रॉफी भी सौंप सकते हैं. मोहसिन नकवी सिर्फ एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं. यही वजह है कि भारत के चैंपियन बनने की स्थिति में ट्रॉफी प्रेजेंटेशन का मुद्दा क्रिकेट से अलग चर्चा में आ सकता है.
इस पूरे मामले की जड़ पिछले साल के मेंस एशिया कप 2025 फाइनल में देखने को मिली थी. दुबई में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था, लेकिन मैच खत्म होने के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में अजीब स्थिति पैदा हो गई थी. भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने में रुचि नहीं दिखाई और किसी और अधिकारी से ट्रॉफी लेने की इच्छा जताई थी. भारत की जीत के बाद ट्रॉफी सेरेमनी एक घंटे से ज्यादा समय तक टल गई थी. आखिरकार स्थिति ऐसी बनी कि भारतीय खिलाड़ी पोडियम पर ट्रॉफी के बिना ही जश्न मनाते नजर आए.
पिछले साल की घटना ने पहले ही राजनीतिक तनाव से घिरे एशिया कप में एक और विवाद जोड़ दिया था. अब सवाल यह है कि अगर भारत की महिला टीम इस बार खिताब जीतती है, तो क्या वैसा ही नजारा फिर देखने को मिलेगा? हालांकि, अभी तक भारतीय टीम या BCCI की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मोहसिन नकवी के हाथों संभावित ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर उनका रुख क्या होगा.
फिलहाल हरमनप्रीत कौर की टीम का पूरा ध्यान क्रिकेट पर है और भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. भारत ने अपने ग्रुप-A के तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. टीम ने शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ 94 रन की बड़ी जीत के साथ की थी. हांगकांग के खिलाफ भारत ने इससे भी ज्यादा दमदार प्रदर्शन किया. स्मृति मंधाना ने सिर्फ 64 गेंदों पर रिकॉर्डतोड़ 124 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 20 ओवर में 193/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने हांगकांग को सिर्फ 56 रन पर समेट दिया. भारत की 137 रन की जीत महिला T20I क्रिकेट में उसकी दूसरी सबसे बड़ी जीत रही.
इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को भी एकतरफा अंदाज में मात दी. भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पूरी टीम को सिर्फ 55 रन पर ढेर कर दिया. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. भारत ने महज 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज की.
लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद भारत नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका है. ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की टीम 13 सितंबर को फाइनल जीतकर एशिया कप अपने नाम करती है, तो क्रिकेट फैंस की नजर सिर्फ खिताब पर नहीं होगी. सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या भारतीय महिला टीम मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेगी या पिछले साल जैसी तस्वीर फिर देखने को मिलेगी.