App

मिचेल स्टार्क ने फिर छीना नंबर-1 का ताज, मार्को यानसेन को छोड़ा पीछे, साइमन हार्मर की टॉप-10 में एंट्री

ICC की ताजा टेस्ट रैंकिंग में मिचेल स्टार्क ने दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज का ताज फिर हासिल कर लिया है. मार्को यानसेन दूसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि साइमन हार्मर को बड़ा फायदा हुआ.

मिचेल स्टार्क ने फिर छीना नंबर-1 का ताज, मार्को यानसेन को छोड़ा पीछे, साइमन हार्मर की टॉप-10 में एंट्री
Image Credit: Mitchell Starc

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज का ताज अपने नाम कर लिया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने का मिचेल स्टार्क को बड़ा इनाम मिला है. आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में उन्होंने साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है. मिचेल स्टार्क ने केपटाउन टेस्ट में कुल 9 विकेट झटके थे. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाई.

मिचेल स्टार्क ने पहली बार अगस्त में टेस्ट गेंदबाजों की नंबर-1 रैंकिंग हासिल की थी. उस समय उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर टॉप स्थान पर कब्जा जमाया था. हालांकि, साउथ अफ्रीका के मार्को यानसेन ने गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में 6 विकेट लेकर मिचेल स्टार्क से नंबर-1 का ताज छीन लिया था, लेकिन केपटाउन में कहानी बदल गई. तीसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क ने 9 विकेट अपने नाम किए, जबकि यानसेन सिर्फ 3 विकेट ही ले सके. इस प्रदर्शन के बाद मिचेल स्टार्क ने फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल की है.

मार्को यानसेन टॉप स्थान गंवा बैठे

ICC टेस्ट गेंदबाजों की टॉप 10 रैंकिग की लिस्ट में साउथ अफ्रीका के 2 और खिलाड़ी शामिल हैं. साइमन हार्मर टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में 9 स्थान की छलांग लगाकर 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं और अपने साथी खिलाड़ी कैगिसो रबाडा से एक स्थान आगे आ गए हैं. हालांकि जानसेन टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना टॉप स्थान गंवा बैठे, लेकिन तीसरे टेस्ट में अर्धशतक लगाने के बाद, वे टेस्ट ऑलराउंडरों की लिस्ट में अपनी बढ़त को और मजबूत करने में सफल रहे और अपने करियर की बेस्ट रेटिंग तक पहुंच गए.

मार्करम टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में 11वें नंबर पर

वियान मुल्डर ऑलराउंडरों की लिस्ट में एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं. वहीं साइमन हार्मर तीन स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं, टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में एडेन मार्करम एक स्थान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर, वियान मुल्डर सात स्थान ऊपर चढ़कर 17वें नंबर पर और रयान रिकेल्टन 25 स्थान ऊपर चढ़कर 23वें नंबर पर आ गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के लिए यह अच्छी खबर है कि टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में कैमरून ग्रीन तीन स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर और एलेक्स कैरी दो स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर आ गए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More