15 गेंद, 3 विकेट और 0 रन! मानव सुथार ने रचा इतिहास, 131 साल पुराने रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
भारत के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी चैंपियनशिप में बड़ा कारनामा कर इतिहास रच दिया है. वारविकशायर की ओर से खेलते हुए मानव सुथार ने ग्लैमॉर्गन के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में 3 विकेट लिए और एक भी रन नहीं दिया.
टीम इंडिया के घातक लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार इन दिनों इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में वारविकशायर के लिए तहलका मचा रहे हैं. वारविकशायर की टीम ने कार्डिफ के मैदान पर खेले गए काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 के 58वें मैच में ग्लैमॉर्गन की टीम को पारी और 257 रनों से रौंद दिया है. भारतीय लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने ग्लैमॉर्गन के खिलाफ इस मैच की दोनों पारियों को मिलाकर बिना कोई रन दिए 3 विकेट झटके हैं. मानव सुथार ने इसी के साथ ही इतिहास रच दिया है.
मानव सुथार ने इस पूरे मैच में सिर्फ 15 गेंदें फेंकीं और उन्होंने कोई भी रन नहीं दिया. मानव सुथार ने इस दौरान 3 विकेट झटके. इस लेफ्ट आर्म स्पिनर ने तीनों ही विकेट बोल्ड करके चटकाए हैं. मानव सुथार ने 3 विकेट, 0 रन और 0 एक्स्ट्रा के रिकॉर्ड के साथ अपना स्पेल खत्म किया. मानव सुथार 131 सालों में किसी फर्स्ट क्लास मैच में बिना कोई रन दिए तीन विकेट लेने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं.
131 साल पुराने रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
ग्लैमॉर्गन के खिलाफ वारविकशायर के लिए खेलते हुए, उन्होंने दो पारियों में 15 गेंदें फेंकीं और बिना कोई रन या एक्स्ट्रा दिए तीनों बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड किया. इससे पहले इंग्लैंड के टॉम हेवर्ड ने 1895 में यह रिकॉर्ड बनाया था. टॉम हेवर्ड ने 1895 में द ओवल के मैदान पर लेस्टरशायर के लिए खेलते हुए सरे के खिलाफ महज 6 गेंदों में बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए थे. इस तरह मानव सुथार ने 131 साल पुराने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
इंग्लैंड की परिस्थितियों में सफल
काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 के 58वें मैच में वारविकशायर ने ग्लैमॉर्गन को पूरी तरह दबाव में रखा और चौथे दिन पारी और 257 रन से बड़ी जीत दर्ज कर ली. मानव सुथार ने काउंटी चैंपियनशिप में अपनी गेंदबाजी से लगातार इम्प्रेस किया है. काउंटी चैंपियनशिप में मानव सुथार ने अब तक 7 पारियों में 21 विकेट हासिल किए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 22.80 रहा है. ये रिकॉर्ड गवाह हैं कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में भी मानव सुथार अपनी स्पिन गेंदबाजी से बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी करने में सफल रहे हैं.
न्यूजीलैंड में काम आएगा इंग्लैंड का अनुभव
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद मानव सुथार तुरंत इंग्लैंड पहुंच गए और काउंटी चैंपियनशिप में वारविकशायर के लिए खेलने लगे. इंग्लैंड की परिस्थितियों में लगातार क्रिकेट खेलने का अनुभव मानव सुथार के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. इंग्लैंड का यह अनुभव मानव सुथार को इस साल नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड की धरती पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में काम आएगा.