SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Blog: अभी दिल भरा नहीं माही.. आईपीएल का पीला वाला रंग तुम्हारा ही रहेगा

आखिरकार आईपीएल-2027 से पहले वो खबर आ ही गई. धोनी अब आईपीएल नहीं खेलेंगे. दिल तो अभी भी नहीं मान रहा है और लग रहा है कि नहीं, फिर कुछ जादू होगा और फिर धोनी फिर खेलेंगे और फिर कप्तानी करेंगे. लेकिन सच यही है कि अब विदाई की घड़ी आ गई है, उनकी उम्र के आगे पहले ही 45 का नंबर लग चुका है.

Written By Gaurav Pandey
Published: Nov 17, 2026, 20:18 IST | Updated: Nov 17, 2026, 20:46 IST
Image Credit: 2008 में पहले आईपीएल के ऑक्शन में एमएस धोनी सबसे महंगे बिके थे
Join

21 फरवरी 2008, सर्दियों को लगभग परास्त करती हुई सुबह की हल्की चमचमाती धूप थी. रोज की तरह काली वाली पतली सी रबड़ में लपेटा हुआ न्यूजपेपर घर के सामने फेंका गया तो उसका इंतजार बाकी दिनों से कुछ ज्यादा था. एक अजूबे जैसा ऑक्शन खेल में हुआ था. न्यूजपेपर का पहला पेज झक पीले रंगों में सराबोर था. पहले पेज पर भारतीय टीम के कप्तान एमएस धोनी की बड़ी सी तस्वीर लगी हुई थी और एक हेडलाइन थी.. 'सबसे महंगे बिके माही..'

कमोबेश यही स्थिति उस दिन लगभग सारे अखबारों की थी. यूं तो ये सब कुछ महीनों से ही चल रहा था कि क्रिकेट में कुछ ऐसा होने वाला है लेकिन उस दौर में क्रिकेट के शौकीनों और दीवानों को अगले दिन के अखबारों में ही सारे फैक्ट्स और फीगर मिलते थे. असल में बीता हुआ वो दिन इंडियन प्रीमियर लीग की पहली नीलामी का दिन था. फिर उसी साल 18 अप्रैल को पहले आईपीएल की शुरुआत भी हो गई. फाइनल में धोनी की चेन्नई को शेन वॉर्न की राजस्थान ने हरा दिया.

पहला आईपीएल तो खत्म हो गया था लेकिन कितना कुछ आना बाकी था, इसका अंदाजा अब 19 साल बाद भी नाकाफी लग रहा है और अगले साल आईपीएल का 20वां सीजन शुरू होने वाला है. लेकिन बीसवें सीजन से पहले एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है. चेन्नई सुपर किंग्स ने इस बार 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया है. लिस्ट में धोनी का नाम भी है. दिल तो अभी भी नहीं मान रहा है और लग रहा है कि नहीं, फिर कुछ जादू होगा और फिर धोनी खेलेंगे. लेकिन सच यही है कि अब विदाई की घड़ी आ गई है, अब उनकी उम्र के आगे 45 का नंबर लग गया है, जो कभी 25-26 या 27 हुआ करता था.

धोनी मतलब सीएसके, सीएसके मतलब धोनी

यह संयोग ही था कि पहले सीजन के दौरान धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बन चुके थे और एक बार टी20 में भारत को चैंपियन बना चुके थे. आईपीएल का पहला सीजन भले ही चेन्नई हारी लेकिन उसके बाद 2010-11 में सीएसके लगातार दो बार जीती. यह भी मजेदार था कि उधर टीम इंडिया को वे आईसीसी ट्रॉफियां जिता रहे थे और इधर धीरे-धीरे सीएसके को आईपीएल का पर्याय बनाते जा रहे थे. हुआ भी यही, एन श्रीनिवासन और धोनी की जोड़ी ने इंडियन क्रिकेट को वह सब दिखाया जिसे देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी कई सालों से बेताब थे.

फिर उतार-चढ़ाव का वो दौर..

लंबे बालों वाले माही ने चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का बेताज बादशाह बना दिया. उन्होंने 16 साल तक इस टीम की कप्तानी की और कुल पांच बार खिताब दिलाए. बीच में 2016-17 में दो साल जब चेन्नई को बैन किया गया तो यह दौर उनके लिए भी काफी उतार चढ़ाव रहा. इस दौरान वे पुणे की टीम से खेले, एक सीजन में कप्तान रहे जबकि दूसरे सीजन में एक खिलाड़ी के तौर पर खेले. लेकिन 2018 में फिर से चेन्नई की जोरदार वापसी हुई और इस बार धोनी ने फिर चैंपियन बनाया.

ऐतिहासिक वापसी का गवाह IPL

2018 के बाद 2021 और 2023 में भी धोनी ने आईपीएल को पीले रंग से रंग दिया. सब कुछ बदल गया था लेकिन अगर कुछ बदला नहीं तो कप्तान थाला और उनकी कप्तानी, वे हर बार अपने फैंस को बिना मायूस किए ट्रॉफी का तोहफा दे देते और चुपचाप वहां से निकल लेते. पिछले पांच सीजन में आईपीएल के आखिरी मैचों में तो कमेंट्रेटर भी थाह जानने की कोशिश करते कि क्या यह वाला सीजन उनका आखिरी होगा. वे हर बार अपने अंदाज में ऐसा जवाब देते जो ट्रॉफी के अलावा सबसे बड़ी खबर बन जाता था.

लेकिन अब बस.. विदाई की घड़ी आ गई है

ऐसा पहले भी हुआ है जब धोनी ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था. 2022 में अचानक उन्होंने जडेजा को टीम की जिम्मेदारी सौंपी थी. वो भी इसी अंदाज में सीजन शुरू होने से एक-दो दिन पहले ही लेकिन फिर 8 मैचों के बाद ही उन्होंने फिर से कमान संभाल ली थी. बतौर धोनी फैन उम्मीद लगाई गई कि कुछ ऐसा ही होगा लेकिन अब यह बीते वक्त की बात हो गई. चेन्नई मैनेजमेंट ने काफी समय पहले ही संकेत दे दिए थे.

पल दो पल का शायर हूं...

पिछले साल बतौर खिलाड़ी धोनी टीम से जुड़े रहे लेकिन एक भी मैच नहीं खेला. अब आगे वो मेंटॉर ही रहेंगे. जाते-जाते उन्होंने सोशल मीडिया पर भी तूफान मचा दिया और लगभग 3.5 साल के अंतराल पर वह इंस्टाग्राम पर एक्टिव दिखे. उन्होंने कुछ उसी अंदाज में पोस्ट किया जिस अंदाज में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेते समय पोस्ट किया था. मुकेश का वो गाना... ''मैं पल दो पल का शायर हूं, और वीडियो में धोनी के करियर की झलकियां.

छह साल पहले जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलविदा कहा तो उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर उनका पसंदीदा गीत मैं पल दो पल का शायर बज रहा था. यह उनकी दीवानगी ही है कि उस पोस्ट पर उनके फैंस अब तक लगातार कमेंट करते जाते हैं. और अब उसी कड़ी में ये नया वीडियो भी जुड़ गया है जो उन्होंने आईपीएल से संन्यास लेने के बाद पोस्ट किया है. 

एक बात तय है कि उन्होंने भले ही खुद को पल दो पल का शायर बताया था लेकिन उन्होंने आईपीएल इतिहास में ऐसी अमिट छाप छोड़ी है जो उनके इस बयान से नाइत्तेफाक रखने के लिए काफी हैं. बाकी टीम इंडिया के लिए उनकी उपलब्धियों के लिए तो कई किताबें.. कई फिल्में कई किवदंतियां कम पड़ जाएंगी.

चेन्नई के लिए हमेशा MS वही रहेंगे

शायद इसीलिए उनको अब मेंटॉर बनाया गया है. इन सबके बावजूद भी सच ये भी है कि ये तो तय था कि कभी ना कभी तो मैदान उन्हें छोड़ना ही होगा. उन्होंने छोड़ दिया. लेकिन सीएसके और सीएसके के फैंस के लिए आज भी माही वही हैं और शायद हमेशा माही वही रहेगा. मैदान छोड़ने के बाद भी वे पीले रंग के डगआउट में ही नजर आएंगे. और जब डग आउट में बैठे स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर नजर आएंगे तो चेपक स्टेडियम के शोर को नापने वाली मशीन से अंदाजा हो जाएगा कि वो आईपीएल और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए क्या हैं.

(MS धोनी का एक फैन... -गौरव)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES