App

एक ही पारी में 8 शिकार और शतक... 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ये महारिकॉर्ड, बांग्लादेश के इस हिंदू क्रिकेटर ने रचा इतिहास

बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट में एक ही पारी में विकेट के पीछे 8 शिकार और बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है.

एक ही पारी में 8 शिकार और शतक... 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ये महारिकॉर्ड, बांग्लादेश के इस हिंदू क्रिकेटर ने रचा इतिहास
Image Credit: Litton Das Creates History

बांग्लादेश के हिंदू क्रिकेटर लिटन दास ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. लिटन दास ने 149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जहां तक अभी दुनिया का कोई भी क्रिकेटर नहीं पहुंच पाया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने बल्लेबाजी के दौरान पहली पारी में शानदार शतक ठोका और इसके बाद विकेटकीपिंग करते हुए 8 शिकार किए, जिसमें 6 कैच आउट 2 स्टंपिंग शामिल रही.

149 साल के टेस्ट इतिहास में लिटन दास पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने किसी टेस्ट मैच की एक ही पारी में शतक जड़ने के अलावा विकेट के पीछे 8 शिकार किए हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग के मैदान पर बांग्लादेश की टीम ने पहले टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहली पारी में 400 रन बोर्ड पर लगा दिए. बांग्लादेश की तरफ से पहली पारी में तौहीद हृदोय और लिटन दास ने शतक जमाए. तौहीद हृदोय ने नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए 227 गेंद पर 137 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 1 छक्का शामिल रहा.

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ये महारिकॉर्ड

वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने बांग्लादेश के लिए नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का आठवां शतक ठोका और 179 गेंद पर 120 रन जड़ दिए. लिटन दास ने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और 1 छक्का जमाया. बांग्लादेश के पहली पारी में 400 रन के स्कोर के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अपनी पहली पारी में 557 रन बनाए और 157 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली. बांग्लादेश की तरफ से लिटन दास ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में विकेट के पीछे कुल 8 शिकार किए. लिटन दास ने इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के 6 बल्लेबाजों को कैच आउट किया, जबकि दो क्रिकेटर्स को स्टंप आउट किया. लिटन दास ने एडेन मार्करम, जुबैर हमजा, माइकल ब्रेट्जके, वियान मुल्डर, मार्को यानसेन और साइमन हार्मर को कैच आउट किया. लिटन दास ने इसके बाद रयान रिकेल्टन और कैगिसो रबाडा को स्टंप आउट करके अपना रिकॉर्ड पूरा किया.

जोहान्सबर्ग के मैदान पर हुआ सबसे बड़ा इत्तेफाक

इसी के साथ ही लिटन दास दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने एक ही टेस्ट पारी में शतक भी लगाया और विकेट के पीछे 6 से ज्यादा खिलाड़ियों का शिकार भी किया है. इस मामले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के डेनिस लिंडसे (1966) और एबी डिविलियर्स (2013) को पीछे छोड़ दिया है. दिलचस्प बात यह है कि डेनिस लिंडसे और एबी डिविलियर्स, दोनों ने जोहान्सबर्ग में ही शतक लगाने के अलावा और विकेट के पीछे 6 खिलाड़ियों का शिकार किया था. और अब इसी जोहान्सबर्ग के मैदान पर डेनिस लिंडसे (1966) और एबी डिविलियर्स (2013) के बाद लिटन दास ने भी एक ही टेस्ट पारी में शतक भी लगाया और विकेट के पीछे 6 से ज्यादा खिलाड़ियों का शिकार भी किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More