क्रिकेट की दुनिया में एक ऐसा तूफान आया, जिसने 13 साल से कायम क्रिस गेल के सबसे बड़े टी20 वर्ल्ड रिकॉर्ड को ही उड़ा दिया. साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने सिर्फ 79 गेंदों में नाबाद 188 रन ठोककर मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने गेल की ऐतिहासिक 175 रनों की पारी भी पीछे छूट गई. ब्लोमफोंटेन में CSA T20 चैलेंज के दौरान टाइटंस और नाइट्स के मुकाबले में 20 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रीटोरियस ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद रफ्तार और बढ़ा दी. सिर्फ 40 गेंदों में शतक पूरा करते ही साफ हो गया था कि आज मैदान पर कुछ असाधारण होने वाला है.
लुआन-ड्रे प्रीटोरियस यहीं नहीं रुके. उन्होंने सिर्फ 58 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया. आखिरी तक उनका बल्ला उसी रफ्तार से चलता रहा. 79 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में उन्होंने 15 चौके और 13 छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.97 रहा. लुआन-ड्रे प्रीटोरियस इतिहास में मेंस टी20 क्रिकेट का पहला दोहरा शतक लगाने से महज 12 रन दूर रह गए. अगर वह 200 के आंकड़े तक पहुंच जाते, तो टी20 क्रिकेट में एक और ऐसा रिकॉर्ड बन जाता, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती. हालांकि 188 रन की पारी ने ही उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे खास मुकाम पर पहुंचा दिया है.
लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने अपनी पारी के दौरान एक और खास उपलब्धि हासिल की. मेंस टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा गेंद खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी भी उन्होंने कर ली. उन्होंने कुल 79 गेंदों का सामना किया. उनसे पहले एरॉन फिंच और मार्कस स्टोइनिस भी 79-79 गेंदों का सामना कर चुके हैं. इससे पहले मेंस टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था. गेल ने 2013 IPL में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे. करीब 13 साल तक यह रिकॉर्ड कायम रहा, लेकिन अब लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 188 रन की पारी के साथ इसे अपने नाम कर लिया है.
लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने CSA टी20 चैलेंज में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड डेवाल्ड ब्रेविस (162 रन) के नाम था. प्रीटोरियस की 188 रन की पारी ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. लुआन-ड्रे प्रीटोरियस की तूफानी पारी के दम पर टाइटंस ने 20 ओवर में 267/3 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. यह CSA टी20 चैलेंज के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है. इस कॉम्पिटीशन का सबसे बड़ा स्कोर भी टाइटंस के ही नाम है, जिसने 2022 में नाइट्स के खिलाफ 271/3 बनाए थे. बता दें कि लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने सितंबर में जिम्बाब्वे और नामीबिया के खिलाफ ट्राई-सीरीज में साउथ अफ्रीका के लिए अपने पिछले दो मैचों में 94 और 101 रन बनाए थे. लुआन-ड्रे प्रीटोरियस पहले ही 91 टी20 मैच खेल चुके हैं और इस फॉर्मेट में उनका करियर स्ट्राइक रेट 154.38 है.