)
पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में जारी पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने धमाकेदार शतक ठोक दिया. कुसल मेंडिस ने श्रीलंका की पहली पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 202 गेंद पर 119 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. कुसल मेंडिस इसके साथ ही टेस्ट कप्तानी की पहली ही पारी में शतक लगाने वाले श्रीलंका के पहले और दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों की खास फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं.
31 वर्षीय कुसल मेंडिस ने पिछले महीने ही धनंजय डी सिल्वा से कप्तानी ली थी. कुसल मेंडिस टेस्ट कप्तान के रूप में अपनी पहली ही पारी में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिसमें जो रूट, विराट कोहली और स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गज खिलाड़ी पहले से मौजूद हैं. कुसल मेंडिस ने श्रीलंका की पहली पारी में 92वें ओवर की तीसरी गेंद पर रजाउल्लाह की गेंद पर बाउंड्री लगाकर यह मुकाम हासिल किया.
श्रीलंका की टीम जब 42 ओवर में 155/4 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी, तब कुसल मेंडिस ने टीम को संभालने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पांचवें विकेट के लिए अपने साथी बल्लेबाज धनंजय डी सिल्वा के साथ मिलकर 249 रनों की एक बड़ी साझेदारी की. इस उपलब्धि के साथ, कुसल मेंडिस कप्तान के तौर पर अपने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले कुल 37वें क्रिकेटर बन गए हैं. वे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस के बाद दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट कप्तानी करियर की शुरुआत शतक के साथ की है.
इस उपलब्धि को हासिल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं. भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने साल 2014 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 115 रन बनाए थे, जबकि उसी महीने ब्रिस्बेन में स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ 133 रनों की पारी खेली थी. इंग्लैंड के जो रूट ने भी 2017 में लॉर्ड्स के मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 190 रन बनाकर अपनी कप्तानी की यादगार शुरुआत की थी. इस लिस्ट में सुनील गावस्कर, ग्रेग चैपल, एलिस्टेयर कुक, केविन पीटरसन और शुभमन गिल जैसे अन्य प्रमुख नाम भी शामिल हैं. शुभमन गिल ने साल 2025 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 147 रन बनाए थे.
साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर ने भी 2025 में बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 367 रन बनाकर इतिहास रचा था. कुसल मेंडिस के इस शतक से उनके करियर में एक और महत्वपूर्ण व्यक्तिगत उपलब्धि जुड़ गई है. अपनी पारी के दौरान, उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 13,000 रन पूरे किए. ऐसा करने वाले वे श्रीलंका के केवल आठवें बल्लेबाज बन गए हैं. कुमार संगकारा इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2000 से 2015 के बीच 587 मैचों में 27,757 रन बनाए हैं. महेला जयवर्धने 25,688 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, और उनके बाद सनथ जयसूर्या 20,966 रनों के साथ आते हैं.