बदल गया टेस्ट कप्तान: इस खिलाड़ी को मिली कमान, पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का हुआ ऐलान
भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में हार के बाद श्रीलंका ने टीम में बड़ा बदलाव किया है. पाकिस्तान के खिलाफ आगामी शृंखला में कुसल मेंडिस को कप्तान बनाया गया है. श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलेगी.
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका ने टीम का ऐलान कर दिया है. हाल ही में भारत के खिलाफ हुए दो मैचों की सीरीज में 0-1 से हार के बाद बड़ा बदलाव हुआ है. धनंजय डी सिल्वा से कप्तानी छीन ली गई है और कुसल मेंडिस को टीम की कमान सौंपी गई है. श्रीलंकाई टीम 9 नवंबर से शुरू होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी. ये मैच मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल के तहत रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे.
पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में कुसल मेंडिस टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि अनुभवी बल्लेबाज पथुम निसांका को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी.
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का स्क्वॉड
कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, पसिंदु सोरियाबंदरा, दिनेश चंडीमल, कामिंदु मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंडारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रथनायका, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा
भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में मिली हार
इसी साल अगस्त में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम इंडिया से श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी. गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने 165 रनों से जीत हासिल की थी. कोलंबो में खेला गया दूसरा टेस्ट ड्रॉ हुआ था, लेकिन शुभमन एंड कंपनी ने 1-0 से सीरीज पर कब्जा किया था. चोट की वजह से कुसल मेंडिस इस सीरीज में नहीं खेले थे.
मदुशंका-मलिंगा की वापसी
दिलशान मदुशंका की श्रीलंका की टेस्ट टीम में वापसी हुई है, जबकि ईशान मलिंगा और अंजाला बंदारा को भी टीम में बुलाया गया है. जून में वेस्टइंडीज के खिलाफ 188 रन बनाने के बावजूद दाएं हाथ के ओपनर लाहिरू उदारा को टीम में जगह नहीं मिली है और निरोशन डिकवेला को भी बाहर रखा गया है. बता दें कि श्रीलंका अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान नौवें नंबर पर है.
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज का शेड्यूल:
पहला टेस्ट: 9-13 नवंबर, रावलपिंडी
दूसरा टेस्ट: 17-21 नवंबर, लाहौर
यह भी पढ़ें: छक्कों का 'बाहुबली' रिकॉर्ड: T20I में 2000 सिक्स उड़ाने वाला दूसरा देश बनेगा भारत, पहले नंबर पर ये टीम