App

केएल राहुल के 10000 रन: वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक से कर ली धोनी की बराबरी, युवराज सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा

राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाकर कई बड़े रिकॉर्ड बनाए और बराबरी भी की. न्यू चंडीगढ़ में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने नाबाद 129 रन बनाकर टीम को 351 रनों तक पहुंचाया था.

केएल राहुल के 10000 रन: वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक से कर ली धोनी की बराबरी, युवराज सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा
Image Credit: केएल राहुल. BCCI

भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार शतक लगाया. उन्होंने न्यू चंडीगढ़ में नाबाद 129 रन बनाकर भारत को 351 रनों तक पहुंचाया. राहुल ने अपने वनडे करियर का नौवां शतक लगाया. उन्होंने अपनी शानदार पारी के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे कर लिए. वह ऐसा करने वाले भारत के 15वें खिलाड़ी हैं. राहुल ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के एक रिकॉर्ड की बराबरी और युवराज सिंह के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. 4 रन पर टीम इंडिया के 2 विकेट गिर गए. शुभमन गिल (1) और विराट कोहली (0) फे हो गए. यहां से रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने तीसरे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी करके टीम इंडिया की पारी को पटरी पर लाया. रोहित ने 92 और ऋतुराज ने 57 रन बनाए. इनदोनों के बाद राहुल ने अपने बल्ले से तबाही मचा दी. वह 87 गेंद पर 129 रन बनाकर नाबाद रहे. राहुल ने 10 चौके और 6 छक्के लगाकर वेस्टइंडीज की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 148.28 का रहा.

 

 

युवराज का तोड़ा रिकॉर्ड

राहुल वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ नंबर 5 पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया. युवराज ने 2005 में कोलंबो में बनाए गए 110 रन को पीछे छोड़ दिया.

धोनी की कर ली बराबरी

राहुल ने नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पूर्व कप्तान धोनी की बराबरी कर ली है. धोनी ने 95 मैचों में नंबर 5 पर बल्लेबाजी की थी और 4 शतक लगाए थे. राहुल के 39 मैचों में 4 शतक हो गए हैं. इस मामले में युवराज सिंह पहले स्थान पर हैं. युवराज ने 99 मैचों में नंबर 5 पर बैटिंग की थी और 7 शतक ठोके थे.

राहुल का इंटरनेशनल रिकॉर्ड

  • अब 243 इंटरनेशनल मैचों की 281 पारियों में उनके नाम 10,094 रन हो गए हैं. उनका औसत 41.03 का रहा है. राहुल ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 23 शतक और 63 अर्धशतक लगाए हैं. 
  • वनडे में राहुल ने 101 मैचों और पारियों में 51.31 के औसत और 92 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 3,541 रन बनाए हैं. इसमें नौ शतक और 20 अर्द्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129* रहा है.
  • टेस्ट में राहुल ने 70 मैचों और 122 पारियों में 36.64 के औसत से 4,288 रन बनाए हैं. इसमें 12 शतक और 21 अर्द्धशतक शामिल हैं. इसमें 199 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है. 
  • टी20 इंटरनेशनल में राहुल ने 72 मैचों और 68 पारियों में 37.75 के औसत और 139 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 2,265 रन बनाए हैं. इसमें दो शतक और 22 अर्द्धशतक शामिल हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 110* रहा है.
Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More