5 ओवर में बिना रन दिए 5 विकेट और अब बल्ले से ठोका शतक: वेस्टइंडीज को मिला जस्टिन ग्रीव्स नाम का 'हीरा'
India vs West Indies: तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में 32 साल के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार बैटिंग कर महफिल लूट ली. वेस्टइंडीज के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने अपने ODI करियर का पहला शतक ठोका.
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की ODI शृंखला का पहला मैच जारी है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में 32 साल के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार बैटिंग कर महफिल लूट ली. वेस्टइंडीज के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने अपने ODI करियर का पहला शतक ठोका. जॉन कैम्पबेल के साथ मिलकर उन्होंने पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. 108 गेंदों पर 101 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के बाद ग्रीव्स भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव का शिकार बने.
जस्टिन ग्रीव्स भले ही 32 साल के हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उन्होंने अपने प्रदर्शन से दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में गेंद से अनोखा कारनामा किया था. अब उन्होंने बल्ले से धमाका करते हुए शानदार शतक भी जड़ दिया.
जस्टिन ग्रीव्स ने ठोका ODI करियर का पहला शतक
इस मैच से पहले तक जस्टिन ग्रीव्स बतौर ओपनर इस फॉर्मेट में संघर्ष कर रहे थे. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने उनपर भरोसा दिखाया और वो उम्मीद पर खरे उतरे. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए ग्रीव्स ने कई आकर्षक शॉट्स लगाए. 101 रनों की पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके जड़े. उन्होंने अपने ODI करियर का पहला शतक ठोका. जस्टिन ग्रीव्स वेस्टइंडीज की तरफ से वनडे में पहली सेंचुरी जड़ने वाले चौथे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बने.
पहला वनडे शतक लगाने के समय सबसे ज्यादा उम्र (WI)
36 साल 57 दिन क्लेटन लैम्बर्ट (119 बनाम इंग्लैंड, पोर्ट ऑफ स्पेन 1998)
33 साल 246 दिन शामराह ब्रूक्स (101* बनाम नीदरलैंड्स, एम्सटेलवीन 2022)
32 साल 213 दिन जस्टिन ग्रीव्स (100* बनाम भारत, त्रिवेंद्रम 2026)
32 साल 154 दिन ट्रैविस डॉवलिन (100* बनाम बांग्लादेश, रोसेउ 2009)
पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से मचाया था कोहराम
भारत के खिलाफ ODI में बल्ले से धमाल मचाने से पहले जस्टिन ग्रीव्स टेस्ट में गेंद से भी जादुई कारनामा कर चुके हैं. ग्रीव्स टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में लगातार पांच मेडन ओवरों में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे. यह उपलब्धि त्रिनिदाद और टोबैगो के तारोबा में ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन हासिल हुई. उन्होंने 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए, जिसमें 6 मेडन ओवर शामिल थे; यह उनके करियर का सबसे बेहतरीन और मैच पलटने वाला प्रदर्शन था.
जस्टिन ग्रीव्स का करियर
32 वर्षीय ऑलराउंडर ने अभी तक वेस्टइंडीज के लिए 18 टेस्ट, 25 ODI और 2 T20I खेले हैं. ग्रीव्स ने टेस्ट में 1000 से ज्यादा रन और 31 विकेट चटकाए हैं. ODI में उन्होंने 600 से अधिक रन और 8 विकेट झटके हैं. उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 4 शतक और 3 अर्धशतक है.